Move to Jagran APP

राजीवनगर हत्या: सफारी से टकरा गई थी युवक की बाइक, इस लिए कर दी निर्मम हत्या Patna News

राजीवनगर थाना क्षेत्र के नेपाली नगर की देव विहार कॉलोनी में रविवार को युवक की हत्या के मामले में पुलिस को कई अहम सुराग हासिल हुए हैं। मर्डर वर्चस्प को लेकर किया गया था।

By Edited By: Published: Mon, 22 Jul 2019 11:19 PM (IST)Updated: Tue, 23 Jul 2019 08:42 AM (IST)
राजीवनगर हत्या: सफारी से टकरा गई थी युवक की बाइक, इस लिए कर दी निर्मम हत्या Patna News
राजीवनगर हत्या: सफारी से टकरा गई थी युवक की बाइक, इस लिए कर दी निर्मम हत्या Patna News
पटना, जेएनएन। राजीवनगर थाना क्षेत्र के नेपाली नगर की देव विहार कॉलोनी में किशोर विशाल राय की हत्या इलाके में वर्चस्व और हाल की रंजिश को लेकर की गई थी। राजीवनगर से लेकर दीघा तक आरोपित जिला परिषद सदस्य रेणु के पति माला राय और उनके दोनों बेटे गुरुदयाल व श्रीदयाल की दबंगई चलती है। वारदात के आठ-दस दिन पूर्व माला राय की सफारी गाड़ी से विशाल की बाइक टकरा गई थी। तब विशाल के दर्जनभर दोस्त वहां जुट गए थे।


किसी तरह माला और उनके साथी बृजमोहन वहां से निकल गए। फिर माला राय के बेटे गुरुदयाल व श्रीदयाल को लगा कि अब उनका इलाके में वर्चस्व कम हो जाएगा। इस वजह से दोनों विशाल से सुलह समझौता करने के लिए उत्तरी दानापुर दियारा ले गए थे। समझौता भी हुआ। लेकिन, समझौते के दूसरे दिन फिर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। तब माला राय और बृजमोहन ने उसे जान से मारने की धमकी दी। फिर उसे बीच सड़क पर दौड़ाकर गोली मार दी गई। राजीवनगर थानेदार ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अब तक की जांच में वर्चस्व और पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।

जिला पार्षद सदस्य के भाई ने मारी थी गोली
देव विहार कॉलोनी निवासी विशाल के चाचा विनोद राय ने बताया कि उसके साथ प्रिंस भी मौजूद था। वह विशाल का दोस्त है। प्रिंस और विशाल दोनों को सफारी गाड़ी से उतरकर माला राय, उसके दोनों बेटे, दोनों भतीजे सहित माला का साला सूरज सरकार और अन्य दबंग दौड़ा रहे थे। लेकिन, निशाने पर सिर्फ विशाल था। प्रत्यक्षदर्शियों ने विनोद को बताया कि विशाल पर दोनों गोलियां सूरज सरकार ने ही फायर की थीं। उसी के हाथ में पिस्टल थी।

दानापुर और सारण में छापेमारी
राजीवनगर थाने की पुलिस आरोपित जिला परिषद सदस्य रेणु राय के पति माला राय, उनके दोनों बेटों, दोनों भतीजों, साले सहित अन्य 12 लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है। एक अन्य टीम राजीवनगर के नेपालीनगर स्थित माला के घर के बाहर पहरेदारी कर रही है। जबकि पुलिस की दो टीमें दानापुर से लेकर सारण में दबिश दे रही हैं। रविवार की देर रात पुलिस ने माला के तीन करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। फिर उन्हें छोड़ दिया। फिर सोमवार दोपहर में उत्तरी दानापुर पहुंच उसके अन्य ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई।

फुटेज में सफारी से उतरते दिखे थे सात लोग
घटनास्थल चंद्र विहार कॉलोनी में पुलिस सोमवार को फिर पहुंची। घटनास्थल के पास दो मकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। दीपक कुमार के मकान से एक घर छोड़कर स्थित घर में लगे कैमरे में सफारी से उतरते छह से सात लोग दिख रहे है। एक जगह फुटेज में विशाल और प्रिंस के पीछे पांच लोग दौड़ते दिखे। पुलिस सूत्रों की मानें तो वारदात में कम से कम सात लोग शामिल थे, जबकि कुछ लोग सफारी में ही बैठे थे।

छेड़खानी के बाद भी डर से थाने नहीं गए थे परिजन
माला राय के दोनों बेटे श्रीदयाल और गुरुदयाल के साथ विकास राय आवास विकास बोर्ड की जमीन पर अवैध मकान बनाने वालों से भी वसूली करते थे। स्थानीय लोगों की मानें तो दोनों बेटों के गिरोह में दर्जनभर से अधिक लोग थे, जो हमेशा साथ चलते थे। राजीव नगर में इनके खिलाफ कोई कुछ नहीं बोलता था, जो चुप्पी तोड़ता था उसे धमकी देकर मुंह बंद करा देते थे। कुछ माह पूर्व राजीवनगर के वीर कुंअर सिंह चौक के पास माला के दोनों बेटों ने कोचिंग से लौट रही छात्रा से छेड़खानी कर दी।


परिजनों को जब इसकी खबर हुई तो थाने में दोनों का नाम नहीं लिया, बल्कि कहा कि कुछ लड़के राह चलते छात्राओं से छेड़खानी करते हैं। पुलिस दोनों आरोपितों को जानती थी, बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की। कोचिंग के बाहर सादे लिबास में पुलिस जरूर तैनात कर दी गई थी। स्थानीय लोगों की मानें तो माला और उनके बेटे जिला पार्षद सदस्य रेणु राय की धौंस दिखाकर दबंगई करते थे।


चाचा ने बताया, प्रिंस और रवि राय की जान को खतरा
मृतक के चाचा विनोद ने पुलिस को बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से उनका पूरा परिवार डरा है। विशाल के साथी प्रिंस और रवि राय भी सहमे हुए हैं। वारदात के समय विशाल के साथ प्रिंस भी था, दबंगों के दौड़ाने पर वह वहां से जान बचाकर भाग गया। विनोद का कहना है कि दबंगों से दोनों को जान को खतरा बना हुआ है।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.