नालंदा में मजदूरी करने वाले युवक की ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या, कार्रवाई व मुआवजा के लिए हंगामा
हत्या के विरोध में आक्रोशित स्वजन व ग्रामीणों ने शव को हास्पीटल मोड़ पर रख करीब दो घंटे तक बाधित रखा आवागमन मोके पर पहुंची लहेरी बिहार थाना व बीडीओ ने समझा कर हटवाया जाम। लोग हत्यारों की गिरफ्तारी व मुआवजे की कर रहे थे मांग
बिहारशरीफ, जागरण संवाददाता। लहेरी थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी मोहल्ला में एक कामगार की ईंट-पत्थर से कूच-कूच कर हत्या कर दी गई। मृतक युवक सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूर नगर मोहल्ला निवासी स्व. गीरू पासवान का 20 वर्षीय युवक करण पासवान है। हत्या किसने और क्यों की, इसका पता नहीं चल सका है। इधर घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। वे हत्यारे की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग कर रहे थे।
सौ रुपये लेकर निकला था घर से
घटना के बारे में भारत पासवान ने बताया कि उसका भाई करण मजदूरी करता था। बुधवार की रात करीब आठ बजे उसने सौ रुपये मांगे और कहा कि काम है। यह कहकर वह घर से बाहर निकल गया। रात करीब 9 बजे किसी ने बताया कि बड़ी पहाड़ी कुएं के पास करण गंभीर हालत में पड़ा है। इसकी जानकारी मिलते ही घर के लोग भागे-भागे वहां पहुंचे। वहां के हालात देखकर वे सन्न रह गए। करण मरणासन्न अवस्था में पड़ा था। उसका सिर बुरी तरह ईंट-पत्थर से कूचा गया था। इसके बाद इसकी सूचना लहेरी थाने को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में करण को सदर अस्पताल लाया। वहां से गंभीर हालत देखकर उसे विम्स रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बुधवार रात उसकी मौत हो गई।
शव के साथ दो घंटे सड़क जाम
घटना के विरोध में गुरुवार की सुबह स्वजन व आक्रोशित लोगों ने हास्पीटल मोड़ पर शव रखकर आगवामन बाधित कर दिया। वे हत्यारे की की गिरफ्तारी और मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे थे। करीब दो घंटे तक लोगों ने सड़क जाम रखा। मौके पर पहुंची लहेरी व बिहार थाना की पुलिस के साथ बिहारशरीफ बीडीओ अंजन दत्ता ने लोगों को समझा कर जाम हटवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। करण की हत्या से परिवार में मातम पसर गया है।