गंगा में दोस्तों के साथ नहाने गए किशोर की डूबने से मौत
थाना क्षेत्र के आंचूआरा गांव के गंगा घाट पर दोस्तों के साथ नहाने गया एक किशोर डूब गया।
पटना बाढ़ : थाना क्षेत्र के आंचूआरा गांव के गंगा घाट पर दोस्तों के साथ नहाने गए एक किशोर की गंगा में डूबने से मौत हो गई है। उसकी पहचान मेउरा गांव निवासी 14 वर्षीय रूस्तम कुमार के रूप मे की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
घटना के संबंध मे ग्रामीणों ने बताया कि किशोर अपने बड़े भाई रौशन कुमार और गांव के ही राहुल कुमार और गोलू कुमार के साथ रविवार को आंचूआरा स्थित गंगा नदी में नहाने गया था। रूस्तम और उसका भाई रौशन व गोलू डूबने लगे। इसके बाद पास में स्नान कर रही एक महिला ने साड़ी फेंककर गोलू को बचाई। उसके बाद गोलू ने रौशन को काफी मशक्कत कर बाहर निकाला। इस दौरान रूस्तम गंगा में डूब गया। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद शव को निकाला।
मां की पूर्व में हो चुकी है मौत : घटना के बारे में ग्रामीणों ने बताया कि किशोर की मां की मौत कई साल पूर्व किसी बीमारी से हो गयी थी। वहीं उसके पिता मजदूरी कर बच्चों का भरण पोषण कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक दो भाई और एक बहन थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
गढ्डों के कारण होते हैं हादसे
बाढ़। घटना के बाद ग्रामीणों का कहना है कि नदी के पास बने बड़े-बड़े गढ्डों के कारण विभिन्न जगहों पर आए दिन हादसे होते हैं। गंगा में पानी होने के कारण गढ्डा दिखाई नहीं देता है और लोग समझ नहीं पाते और गढ्डों में फंसकर मौत हो जाती है।