पटना में दुल्हन की विदाई के लिए टावर पर चढ़ा युवक, 20 नवंबर को हुई थी शादी; नीचे उतरने को तैयार नहीं
बाढ़ के अचुआरा गांव में एक युवक अपनी दुल्हन की विदाई न होने से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह जान देने की धमकी दे रहा है, जिसके बाद पुलिस उसे नीचे उतारने का प्रयास कर रही है।

मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक। जागरण ग्राफिक्स
HighLights
युवक दुल्हन की विदाई न होने से नाराज होकर टावर पर चढ़ा।
यह घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के अचुआरा गांव में हुई।
पुलिस मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है।
संवाद सहयोगी, बाढ़। शादी के बाद दुल्हन की विदाई नहीं होने से नाराज एक युवक शुक्रवार की सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह नीचे उतरने को तैयार नहीं है और जान देने की धमकी दे रहा है।
घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के अचुआरा गांव की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है।
मोबाइल टावर पर चढ़े युवक की पहचान नेउरा गांव निवासी 24 वर्षीय आकाश कुमार के रूप में हुई है। वह मंटू कुमार पंडित और सरस्वती देवी का पुत्र है।
गांव के सामुदायिक भवन के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर वह अपनी दुल्हन की विदाई कराने की मांग कर रहा है।
20 नवंबर को हुई थी शादी, दिल्ली से आया था परिवार
आकाश की मां सरस्वती देवी ने बताया कि उनके बेटे की शादी 20 नवंबर को हुई थी। परिवार दिल्ली में रहता है। बेटे की शादी के सिलसिले में ही वे लोग दिल्ली से गांव आए थे। आकाश दिल्ली में छोले-भटूरे बेचने का काम करता है।
उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले चोट लगने के कारण आकाश के पैर में रॉड डाली गई थी। उसका पैर ठीक से मुड़ नहीं पाता है। उसमें समय लगेगा।
लेकिन इसी शारीरिक परेशानी को आधार बनाकर लड़की के माता-पिता उसे अपने साथ ले गए हैं और दुल्हन की विदाई नहीं कर रहे हैं।
सुबह घर से निकला और टावर पर चढ़ गया
परिजनों के अनुसार, दुल्हन की विदाई नहीं होने से आकाश काफी परेशान था। वह लगातार अपनी पत्नी को विदा कराने की मांग कर रहा था।
शुक्रवार की सुबह वह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया और अचुआरा गांव में सामुदायिक भवन के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
टावर पर चढ़कर वह दुल्हन की विदाई कराने की मांग कर रहा है। उसका कहना है कि शादी हुई है तो दुल्हन की विदाई होनी चाहिए। अन्यथा वह अपनी जान दे देगा।
घटना की जानकारी मिलते ही बाढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी है। फिलहाल उसे नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं।