बेगूसराय में युवक की पीट-पीटकर हत्या, ईंट से वार के बाद गला दबाकर ले ली जान
बेगूसराय के भगवानपुर थाना क्षेत्र में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव पुलिस ने घर से कुछ दूरी पर बरामद किया।
बेगूसराय, जेएनएन। बेगूसराय के भगवानपुर थाना क्षेत्र में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव पुलिस ने घर से कुछ दूरी पर बरामद किया। शरीर पर ईंट से प्रहार के निशान हैं। साथ ही गले पर भी दाग बना हुआ है। ऐसे में प्रतीत होता है कि ईंट से प्रहार करने के बाद उसका गला घोंट दिया गया। मृतक की पहचान नरहरिपुर गांव निवासी रामदेव राय के 22 वर्षीय पुत्र गोपाल कुमार के रूप में हुई है। मौके पर डीएसपी ओमप्रकाश, थाना प्रभारी दीपक कुमार अन्य पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वारदात को किसने अंजाम दिया? ये अभी साफ नहीं हो सका है। इधर, शव मिलने के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हत्या किसने की? नहीं हो सका साफ
इस संबंध में भगवानपुर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया स्थानीय लोगों से मिल रही सूचना के अनुसार प्रथम दृष्टया उसकी संपत्ति हड़पने की नीयत से दीपक की हत्या की संभावना व्यक्त कर रहे हैं। दस दिन पूर्व भी उसके एक गोतिया के द्वारा उसे धमकी दी गई थी। मृतक अपनी वृद्ध मां का एकलौता पुत्र है। वहीं कुछ ग्रामीण यह भी कह रहे हैं बागीचे में कुछ साथियों के साथ आपसी कहासुनी में गला दबाकर और डंडे से मारकर गोपाल की हत्या कर दी गई है। ऐसे पुलिस विभिन्न बिंदुओं से सूचना एकत्रित कर अनुसंधान में जुटी है। शव मिलने के बाद उसके कोई गोतिया शव को देखने भी नहीं पहुंचे थे। ऐसे अभी मृतक की माता या स्वजनों के द्वारा कोई आवेदन या बयान नहीं दिया गया है। पुत्र की जघन्य हत्या से पीडि़त व बेसुध मां अभी पुलिस को कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं हैं। इधर घटना के बाद मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।