दिल्ली जाकर बिहार के युवक ने मंगलामुखी से कर ली शादी, 'बधाई' से हो गया परेशान
आनंद कुमार ने मंगलामुखी (किन्नर) रिया राज से शादी की थी। वे दोनों महाराजगंज स्टेशन के समीप एक किराए के मकान में रहते थे। पति पत्नी के बधाई देने जाने को लेकर परेशान था। इसी को लेकर चाकू मार दिया।
संस, महाराजगंज (सिवान) : महाराजगंज रेलवे-स्टेशन के समीप किराए के मकान में रह रहे दंपती में शनिवार को सुबह किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बधाई देने के लिए जाने को लेकर पति ने पत्नी को चाकू से मार दिया। घायल को इलाज के लिए महाराजगंज अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान दारौंदा थाना क्षेत्र के करसौत के टोला रामजी छपरा निवासी आनंद कुमार की पत्नी रिया राज के रूप में हुई है। वहीं, ग्रामीणों ने उसके पति को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जाता है कि दारौंदा थाना क्षेत्र के करसौत के टोला रामजी छपरा निवासी उघर महतो के पुत्र आनंद कुमार ने मंगलामुखी (किन्नर) रिया राज से शादी की थी। वे दोनों महाराजगंज स्टेशन के समीप एक किराए के मकान में रहते थे। शनिवार की सुबह में दोनों में विवाद हुआ। इस दौरान आनंद कुमार ने अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।