छठ और सिंदूर पर टिप्पणी से गरमाया विवाद, यश माहेश्वरी पर भड़कीं भाजपा नेता रीतू जायसवाल
कॉमेडियन यश माहेश्वरी की छठ महापर्व और महिलाओं के सिंदूर पर आपत्तिजनक टिप्पणी से बिहार में सियासी और सामाजिक नाराजगी बढ़ गई है। भाजपा नेता रीतू जायसवाल ने हर जिले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

आपत्तिजनक इशारा करता यश माहेश्वरी और भाजपा नेतृ रीतू जायसवाल। फाइल
HighLights
कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने छठ और सिंदूर पर टिप्पणी की।
टिप्पणी से बिहार में सियासी और सामाजिक नाराजगी बढ़ी।
भाजपा नेता रीतू जायसवाल ने एफआईआर की मांग की।
डिजिटल डेस्क, पटना। महापर्व छठ के दौरान बिहार की महिलाओं और उनकी आस्था को लेकर स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की विवादित टिप्पणी पर सियासी और सामाजिक नाराजगी सामने आई है।
कॉमेडियन ने महिलाओं की मांग में लगाए जाने वाले सिंदूर को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। साथ ही बिहार की महिलाओं को लेकर भी आपत्तिजनक बात कही थी।
इस टिप्पणी के बाद भाजपा, कांग्रेस और राजद के नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। सोशल मीडिया पर भी लोग कॉमेडियन के बयान की आलोचना कर रहे हैं।
विवाद बढ़ने के बाद यश माहेश्वरी ने माफी मांग ली है, लेकिन उनकी टिप्पणी को लेकर नाराजगी कम नहीं हुई है। भाजपा नेता रीतू जायसवाल ने इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि छठ महापर्व और छठव्रतियों पर अश्लील कॉमेडी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ बिहार के हर जिले में प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए।
रीतू जायसवाल ने की हर जिले में FIR दर्ज करने की मांग
रीतू जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कॉमेडियन की टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने लिखा कि हमारे महापर्व छठ और छठव्रतियों पर अश्लील कॉमेडी करने वाले इस शख्स के खिलाफ बिहार के प्रत्येक जिले में एफआइआर दर्ज होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, जिससे उसे अपनी गलती का एहसास हो और अगली छठ में वह महापर्व की महानता का साक्षात दर्शन कर सके। रीतू जायसवाल ने स्पष्ट किया कि छठ की आस्था और अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
माफी के बाद भी सोशल मीडिया पर नाराजगी
कॉमेडियन की टिप्पणी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। लोगों ने छठ जैसे आस्था से जुड़े महापर्व और बिहार की महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी पर नाराजगी जताई है।
विवाद बढ़ने के बाद यश माहेश्वरी ने माफी मांगी है। हालांकि, इस मामले में राजनीतिक विरोध और कानूनी कार्रवाई की मांग जारी है।