गाय घाट से निकली अद्भुत पालकी, गुरु की नगरी में पंजाबी बैंड ने दिखाए करतब
पटना साहिब में मनाए जा रहे 352वें प्रकाशोत्सव की शोभा देखते ही बन रही है। शनिवार को निकली पालकी में पंज प्यारों ने आकर्षक करतब दिखाए।
पटना, जेएनएन। प्रकाशोत्सव को लेकर पटना सिटी का माहौल बदल गया है। शनिवार को दूसरे दिन गायघाट से भव्य शोभायात्रा निकली गई। इसमें बड़ी संख्या में पंज प्यारे शामिल हुए। दशमेश गुरु श्री गोविंद सिंह महाराज की जन्मस्थली तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब तक जाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। इस दौरान पंज प्यारों ने अद्भुत करतब दिखाए।
शनिवार की सुबह निकली शोभा यात्रा का माहौल देखते ही बन रहा था। देश के अलग-अलग कोनों से आए श्रद्धालु माहौल में चार चांद लगा रहे थे। पंजाबी बैंड के करतब सभी को आकर्षित कर रहा था। रंग-उमंग हर किसी के चेहरे पर देखने को मिल रहा था। गतका पार्टी अद्भुत प्रस्तुति दे रही थी।
निकली पालकी, आगे-आगे रहे पंज प्यारे
शोभायात्रा के दौरान कई आयोजन किए गए। गायघाट गुरुद्वारे से निकली पालकी के आगे पंज प्यारे गीत गाते रहे। इस दौरान सड़कों के एक कोने पर खड़े होकर लोगों ने पंज प्यारों का स्वागत किया। बताते चलें कि 352वां प्रकाश पर्व का मुख्य समारोह 13 जनवरी को मनाया जाएगा। आयोजन में भाग लेने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पटना आ चुके हैं। इन्हें तख्त श्री हरिमंदिर परिसर में बने कमरों के अलावा आसपास के विद्यालयों तथा टेंट के कमरों में ठहराया गया है। साथ ही पटना सिटी में पानी के जहाज की शुरुआत भी कर दी गई है। यह सेवा 14 जनवरी तक जारी रहेगी। पानी का जहाज कंगन घाट से गाय घाट तक चलाया जा रहा है।