बहनोई की हत्या का लड़ रही थी केस, सुपारी किलर ने गोलियों से किया छलनी
जमीन विवाद में गुरुवार की सुबह पटना के नौबतपुर में एक महिला को 12 गोलियां मार मौत के घाट उतार दिया गया।
पटना, जेएनएन। नौबतपुर में गुरुवार की सुबह एक महिला को गोलियों से छलनी कर दिया गया। बहनोई की हत्या के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रही महिला को सुपारी किलर ने आठ गोलियां मारीं। वारदात को अंजाम देकर आरोपित पप्पू फरार हो गया। पप्पू कई मामलों में फरार चल रहा था। सूचना पर पुलिस पहुंच गई है।
नौबतपुर थाने के परसा गांव में अखिलेश कुमार की पत्नी ममता देवी (45) रहती है। ममता का नंदन नामक युवक से जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद में कुछ साल पहले नंदन ने ममता के बहनोई की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के आरोप में नंदन जेल में है तो वारदात की ममता इकलौती गवाह थी। ममता की गवाही से नंदन को डर था।
आरोप है कि नंदन ने गांव के ही रहने वाले पप्पू को सुपारी दे दी। गुरुवार को सुबह पप्पू ममता के घर पहुंचा। कुछ देर बात ही और हथियार निकालकर उसके ऊपर फायर शुरू कर दिया। ममता कहीं बच न जाए इस लिए उसपर आठ गोलियां चलाईं। घटना को अंजाम देकर पप्पू फायर करते हुए फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पप्पू पहले भी हत्या के मामले में फरार चल रहा था।