महिला विधायक ने तेजस्वी को सदन में किया असहज, तेजप्रताप-ऐश्वर्या मामले पर दी नसीहत
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जब महिला सम्मान की बात करते हुए मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड पर सत्ता पक्ष पर हमलावर थे उसी समय भाजपा विधायक ने तेजस्वी को असहज कर दिया।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) जब महिला सम्मान की बात करते हुए मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड पर सत्ता पक्ष पर हमलावर थे, तब उसी समय भाजपा विधायक गायत्री देवी (BJP MLA Gaytri Devi)) ने उन्हें सबसे पहले अपना घर ठीक करने की नसीहत दे डाली।
भाजपा विधायक गायत्री ने तेजप्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) की पत्नी ऐश्वर्या राय का जिक्र करते हुए कहा कि वह लालू-राबड़ी परिवार की बहू हैं, किंतु उन्हें किस तरह घसीटकर बाहर कर दिया गया। गायत्री को सत्ता पक्ष का समर्थन मिला और कई सदस्यों ने उन्हें बोलने के लिए प्रोत्साहित किया। इससे तेजस्वी थोड़ी देर के लिए असहज दिखे और गायत्री देवी को बैठने के लिए कहा।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि आपके बोलने से आपको मंत्री नहीं बना दिया जाएगा, लेकिन गायत्री ने अपनी बात जारी रखी। उन्होंने कहा कि ऐश्वर्या के दादा बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। पिताजी विधायक हैं, किंतु ससुराल में जो सम्मान मिलना चाहिए था, वह नहीं मिला। तेजस्वी को महिला सम्मान पर बात करने से पहले अपने घर को ठीक करना चाहिए।
गौरतलब है कि लालू के बड़े लाल तेजप्रताप यादव और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय के बीच घरेलू विवाद चल रहा है। शादी के महज छह माह में ही तेजप्रताप यादव ने ऐश्वर्या राय से तलाक के लिए पटना के फैमिली कोर्ट में आवेदन दिया था। कोर्ट में समय-समय पर लगातार सुनवाई चल रही है। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोर्ट में फैसला नहीं आ पाया है। फिलहाल ऐश्वर्या राय अपने मायके में रह रही हैं।
इसे लेकर पिछले दिनों राबड़ी आवास में भारी हंगामा हुआ था। उस समय ऐश्वर्या राबड़ी आवास में ही रह रही थीं। ऐश्वर्या ने तब राबड़ी देवी व मीसा भारती पर तंग करने का आरोप लगाया था। मामला थाना पहुंच गया। इस हाइप्रोफाइल ड्रामे के बाद ऐश्वर्या मायके में रहने चली गई हैं।