धारदार हथियार से गला रेतकर महिला की हत्या, दुष्कर्म की भी आशंका, तफ्तीश कर रही सिवान पुलिस
सिवान में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। ओवरब्रिज के नीचे से पुलिस ने उसका शव बरामद किया। महिला की पहचान नहीं हो सकी है। जांच-पड़ताल के क्रम में पुलिस को खास चीज मिल गई।
मैरवा (सिवान), संवाद सूत्र। मैरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर ओवरब्रिज के नीचे जिन बाबा स्थान के पास सोमवार की देर रात एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह शव देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। शव की हालात देखकर हत्या वहीं किए जाने की आशंका है। आशंका यह भी है कि हत्या के पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया गया है। चर्चा यह भी थी कि घटनास्थल के समीप से शराब बरामद हुई है हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है।
ओवरब्रिज के नीचे पड़ा था शव
मंगलवार सुबह कुछ लोग मार्निंग वाक कर रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मीपुर ओवरब्रिज के नीचे उत्तर की तरफ रेलवे पुल के पास स्थित जिन बाबा स्थान के चबूतरे से कुछ दूरी पर एक महिला का शव दिखाई दिया। खबर फैलते ही काफी भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। लेकिन काफी प्रयास के बाद भी महिला की पहचान नहीं हो सकी। महिला के शरीर के कपड़े अस्त-व्यस्त हालात में थे। शव के पास खून बहा हुआ था। इससे संभावना जताई जा रही है कि हत्या वहीं पर की गई है। महिला का गला रेता हुआ था।
दुष्कर्म कर हत्या की जताई जा रही आशंका
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। उसके वस्त्र पुलिस ने पहचान के लिए सुरक्षित रखे हैं। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद तथा मृतका की पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।