UNFPA अफसर ने बनाया संबंध बनाने का दबाव, महिला ने लगाये ये आरोप
पटना के एक एनजीओ में कार्यरत महिला अॉफिसर ने अपने उच्चाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में एफआइआर दर्ज कराया है जिसमें उसने लिखा है कि उच्चाधिकारी संबंध बनाने की कोशिश करते थे।
पटना [जेएनएन]। पटना में एक महिला अॉफिसर ने (द यूनाइटेड नेशन्स पापुलेशन फंड) के एक उच्चाधिकारी पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक डियागो प्लेसिस नाम के इस उच्चाधिकारी ने अपने ही संगठन के पटना कार्यालय में कार्यरत एक सीनियर महिला अफसर से संबंध बनाने की कोशिश की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। जिसमें इस तरह की एक अंतरराष्ट्रीय संस्था के उच्चाधिकारी पर लगे आरोप से स्थानीय कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक यूएनएफपीए के भारत स्थित शीर्ष अफसर ने डियागो से इस मामले को सलटाने की कोशिश की, लेकिन महिला अधिकारी ने उसकी एक ना सुनी और गुरुवार को पाटलिपुत्र थाने में मामला दर्ज कराया।
महिला ने दर्ज केस में डियागो प्लेसिस का सहयोग करने वाले उसके एक मित्र इंसाइन पर भी आरोप लगाया है।महिला के द्वारा केस दर्ज कराने के बाद पुलिस हरकत में आयी और उसने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की लिखित शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 354 ए के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
महिला अधिकारी ने पुलिस को बताया है कि ये दोनों ही संस्था के काम से अक्सर पटना आते रहते हैं और इसमें से एक डियागो प्लेसिस हमेशा उसे तरह-तरह के प्रलोभन देकर उसे अपने पास बुलाता था और कई दिनों से संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। इसमें अधिकारी की मदद उसकी महिला मित्र इंसाइन भी करती थी।
महिला ने बताया कि इधर कई दिनों से उसके द्वारा हमेशा संबंध बनाने की मांग की जाती रही, जिसके कारण वह काफी तनाव में रह रही थी। पाटलिपुत्र थानाध्यक्ष टी एन तिवारी ने बताया कि महिला अधिकारी के बयान पर दोनों अधिकारियों के खिलाफ 354 ए के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस की एक टीम दिल्ली जायेगी। इसके साथ ही पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है।