बाढ़ से मची है तबाही, इस बीच NDRF की नाव पर गूंजी किलकारी
बाढ़ से प्रभावित मधु्बनी जिले में एक महिला ने एनडीआरएफ की नाव में ही बच्चे को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों ही स्वस्थ है।
पटना [जेएनएन]। बाढ़ से प्रभावित मधुबनी जिले में आज बेनीपट्टी ब्लॉक स्थित रहने वाली एक महिला ने एनडीआरएफ की नाव में ही बच्चे को जन्म दिया। बाढ़ ग्रस्त इलाके की प्रसव पीड़ित महिला को जब एनडीआरएफ की टीम सुरक्षित नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की कोशिश में लगी थी कि महिला ने बीच धार में नाव पर ही बच्चे को जन्म दिया।
प्रसव पीड़ित महिला का नाम हर्जाना खातून है उसके पति का नाम बिलाल अहमद है। ये लोग मधुबनी जिले के कहरारा गांव के रहने वाले हैं और बाढ़ से घिरे होने की वजह से मदद की बाट जोह रहे थे।
एनडीआरएफ की टीम पहुंची और बाढ़ प्रभावित गांव की हर्जाना खातून को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के क्रम में वो जैसे ही नाव में सवार हुई, पीड़ा वेदना से परेशान परेशान हो गई।
एनडीआरएफ के प्रशिक्षित चिकित्सा प्रथम उपचारक बचावकर्मियों ने स्थिति को कुशलता से संभाल लिया और उनकी देखरेख में महिला ने एक बच्चे को बोट पर ही जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताये जा रहे हैं। डिलीवरी के बाद महिला को फिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।