संतुलन के साथ ही आगे बढ़ती है सृष्टि
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिहार प्रांत का रविवार को ऑनलाइन छात्रा सम्मेलन किया गया
पटना। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बिहार प्रांत का रविवार को ऑनलाइन छात्रा सम्मेलन किया गया। सम्मेलन की मुख्य अतिथि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी ने कहा कि सृष्टि संतुलन के साथ ही आगे बढ़ती है। नर और नारी को समान अधिकार और अवसर मिले।
अभाविप की राष्ट्रीय मंत्री विनीता इंदवार ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकार के लिए जिद्दी होने की जरूरत है। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्रीनिवास ने छात्रा कार्यकर्ताओं के लिए आने वाले अवसर और चुनौतियों के बारे में बताया। बिहार-झारखंड के संगठन मंत्री निखिल रंजन ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता समाज के लिए एक प्रेरणा और मिसाल बनकर उभरते हैं। राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद सदस्य पूनम सिंह और प्रदेश मंत्री लक्ष्मी ने कहा कि कोरोना काल में बिहार की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सेवा कार्य चलाया और जरूरतमंदों के बीच मास्क बांटे। कार्यक्रम का संचालन खुशबू ने किया। धन्यवाद ज्ञापन अंजना सिंह ने किया। डॉ. सुग्रीव कुमार, अजीत उपाध्याय, उपाध्यक्ष प्रो. ममता कुमारी, वंदना भगत, आशिका सिंह, पूजा कश्यप, समृद्धि सिंह राठौर पटना, समीक्षा यदुवंशी, गौरवी सिंह कटिहार आदि उपस्थित थे।
इनर व्हील सौम्या ने बांटीं सिलाई मशीनें
पटना। इनर व्हील क्लब ऑफ सौम्या ने रविवार को महिलाओं एवं बच्चों के उत्थान के लिए मिशन रोजगार की शुरुआत की। इसके तहत दो जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन दी गई। क्लब की अध्यक्ष चेतना सिन्हा ने कहा की हमारी कोशिश है कि महिलाएं अपने पांव पर खड़ी हों और अपना काम अच्छे से कर सकें। इसके लिए हमने इस मुहिम की शुरुआत की है। अध्यक्ष के अनुसार कोरोना काल में लोगों ने बहुत सारी नौकरियां खोई हैं। ऐसे में हमारा क्लब ऐसे लोगों की मदद के लिए आगे आया है। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की सचिव अंकिता अग्रवाल, आईएसओ श्वेता साहा और एडिटर अभिता अग्रवाल की प्रमुख भूमिका रही।