विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसका नाम खोलने वाले थे तेज प्रताप? शाम 6 बजे का एलान रहा अधूरा; 'बड़े खुलासे' पर अब भी सस्पेंस बरकरार

Published: Sun, 13 Sep 2026 09:05 AM (IST)

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव का शनिवार शाम 6 बजे 'बड़ा खुलासा' करने का ऐलान अधूरा रह गया, जिससे सियासी हलकों में उत्सुकता बनी हुई है।

पार्टी ज्‍वाइन करने वाले सदस्‍यों के साथ तेज प्रताप यादव। सौ-एक्‍स

पार्टी ज्‍वाइन करने वाले सदस्‍यों के साथ तेज प्रताप यादव। सौ-एक्‍स

HighLights

  1. तेज प्रताप का 6 बजे 'बड़े खुलासे' का ऐलान अधूरा रहा।

  2. उन्होंने नए नंबर से धमकी और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया।

  3. जनशक्ति जनता दल में युवाओं के जुड़ने की जानकारी दी।

डिजिटल डेस्क, पटना। जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के एक ऐलान ने शनिवार शाम सियासी और सोशल मीडिया हलकों में उत्सुकता बढ़ा दी।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि शाम छह बजे ऑडियो के माध्यम से बड़ा खुलासा करेंगे। तेज प्रताप ने दावा किया था कि यह मामला ऐसे व्यक्तित्व से जुड़ा है, जिनके प्रति बिहार सहित पूरे देश के लोगों की आस्था और स्नेह है।

हालांकि, शनिवार शाम छह बजे का समय बीतने के बाद भी उनके एक्स और फेसबुक हैंडल पर ऐसा कोई ऑडियो या पोस्ट नजर नहीं आया, जिसमें उन्होंने इस कथित बड़े खुलासे की जानकारी साझा की हो।

शनिवार शाम 4:51 बजे किए गए पोस्ट में उन्होंने छह बजे ऑडियो जारी करने की बात कही थी। इसके बाद फिलहाल उनके सोशल मीडिया हैंडल पर इस संबंध में कोई नई जानकारी दिखाई नहीं दी।

पहले किया था 'बड़े खुलासे' का ऐलान

तेज प्रताप यादव ने शनिवार को एक पोस्ट में लिखा था कि वह शाम छह बजे ऑडियो के माध्यम से एक बड़ा खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा था कि यह मामला उस व्यक्तित्व से जुड़ा है, जिनके प्रति बिहार समेत पूरे देश के लोगों की आस्था और स्नेह है।

उन्होंने कहा था कि ऑडियो के साथ मामले से जुड़ी पूरी जानकारी वह खुद अपने एक्स और फेसबुक हैंडल पर साझा करेंगे। साथ ही उन्होंने संबंधित व्यक्तित्व के चाहने वालों से ऑडियो सुनने और मामले का संज्ञान लेने की अपील की थी।

इस ऐलान के बाद लोगों की नजरें शाम छह बजे उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर टिक गई थीं। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी ऐसा कोई पोस्ट सामने नहीं आया।

नए नंबर से धमकी और ब्लैकमेलिंग का आरोप

इसी बीच तेज प्रताप ने एक अन्य पोस्ट में खुद को नए नंबर से धमकी दिए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे लेकर सार्वजनिक सूचना और चेतावनी भी जारी की।

तेज प्रताप के अनुसार, उन्हें नए नंबर से कॉल कर धमकी दी जा रही है और ब्लैकमेल करने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने दावा किया कि इससे पहले एक मीडिया हाउस के नंबर से भी धमकी दी गई थी, जिसकी शिकायत वह सचिवालय थाने में कर चुके हैं।

तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि नए नंबर से कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को एक व्‍यक्‍त‍ि का भतीजा बताकर ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस नए नंबर के खिलाफ भी वह थाने में एफआईआर दर्ज करा रहे हैं।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि इस नंबर से आने वाली कॉल को लेकर सतर्क रहें। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

युवाओं के पार्टी से जुड़ने की भी दी जानकारी

तेज प्रताप यादव ने एक अन्य पोस्ट में जनशक्ति जनता दल के पटना स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह की जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।उन्होंने कहा कि युवाओं के पार्टी से जुड़ने से नए विचारों और जनसेवा के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

तेज प्रताप ने नए सदस्यों का जनशक्ति जनता दल परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि सभी मिलकर बिहार और देश के सर्वांगीण विकास में योगदान देंगे।

फिलहाल तेज प्रताप के शाम छह बजे किए जाने वाले कथित बड़े खुलासे को लेकर सस्पेंस बरकरार है। अब नजर इस बात पर है कि वह ऑडियो कब जारी करते हैं और जिस व्यक्तित्व से जुड़े मामले का उन्होंने जिक्र किया था, उसके बारे में क्या जानकारी सामने रखते हैं।

यह भी पढ़ें- गुस्‍से में तेज प्रताप यादव, सम्राट सरकार से मांगा जवाब; बोले-चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े करती है