गुस्से में तेज प्रताप यादव, सम्राट सरकार से मांगा जवाब; बोले-चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े करती है
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने मोबाइल नंबर से कथित धमकी और ब्लैकमेलिंग के मामले में बिहार सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।

तेज प्रताप यादव ने सरकार से मांगा जवाब। फाइल
HighLights
तेज प्रताप यादव ने मोबाइल धमकी मामले में सरकार पर सवाल उठाए।
जनशक्ति जनता दल कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर निष्पक्ष जांच की मांग की।
डिजिटल डेस्क, पटना। जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने मोबाइल नंबर से कथित धमकी और ब्लैकमेलिंग के मामले में बिहार की सम्राट सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप का आरोप है कि शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
तेज प्रताप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उनके संज्ञान में लगातार यह मामला आ रहा है कि एक मोबाइल नंबर से उन्हें और उनके साथ जुड़े कई लोगों को कथित रूप से धमकाया और ब्लैकमेल किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि खासकर जनशक्ति जनता दल के लिए सक्रिय रूप से काम करने वाले लोगों को निशाना बनाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
कार्यकर्ताओं को धमकाने का आरोप
तेज प्रताप ने कहा कि पुरुष हों या महिलाएं, किसी को धमकाना, ब्लैकमेल करना या किसी का वीडियो प्रसारित कर उसे डराने का प्रयास बेहद गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं इस नंबर को लेकर पहले भी सार्वजनिक रूप से अपनी बात रख चुके हैं और संबंधित व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि शिकायतों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। तेज प्रताप ने सरकार और प्रशासन से पूछा कि आखिर इस नंबर के पीछे कौन है और उसे किसका संरक्षण प्राप्त है?
'सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है'
जनशक्ति जनता दल प्रमुख ने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई में देरी कई गंभीर सवाल और आशंकाएं पैदा करती है। उन्होंने पूछा कि क्या किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण होने के कारण कार्रवाई नहीं की जा रही है।
हालांकि, तेज प्रताप ने यह भी स्पष्ट किया कि वह बिना जांच किसी व्यक्ति की संलिप्तता को अंतिम सत्य नहीं मान रहे हैं। उनका कहना है कि इतने गंभीर मामले में निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कॉल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की मांग
तेज प्रताप यादव ने संबंधित प्रशासन और जांच एजेंसियों से मांग की है कि नंबर से जुड़े कॉल, संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तत्काल विधिसम्मत जांच की जाए।
उन्होंने दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तेज प्रताप ने कहा कि वह धमकियों से डरने या दबने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि उनके साथ जुड़े किसी कार्यकर्ता, सहयोगी, महिला या पुरुष को डराने-धमकाने की कोशिश की गई तो वह उनकी आवाज बनकर पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे।
यह भी पढ़ें- तेज प्रताप यादव ने निकाली 'वैकेंसी', आवेदन की आखिरी तारीख भी तय; क्या है प्लान?
