तेज प्रताप यादव ने निकाली 'वैकेंसी', आवेदन की आखिरी तारीख भी तय; क्या है प्लान?
तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल के बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। य

तेज प्रताप यादव ने प्रिया सिंह वत्स को बनाया राष्ट्रीय प्रवक्ता। फाइल
HighLights
तेज प्रताप यादव ने JJD प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन मांगे।
आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 तय की गई।
पार्टी संगठन विस्तार और सामाजिक न्याय पर जोर दे रही है।
डिजिटल डेस्क, पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव इन दिनों अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कवायद में जुटे हैं।
अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल के संगठन को विस्तार देने के लिए उन्होंने अब बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए बाकायदा 'वैकेंसी' निकाल दी है। इसके लिए पूरे बिहार से आवेदन और नामांकन आमंत्रित किए गए हैं।
तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स हैंडल पर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन शुरू होने की जानकारी साझा की है। पार्टी की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि बिहार में संगठन को नई मजबूती और नई दिशा देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष पद हेतु योग्य लोगों से आवेदन मांगे जा रहे हैं।
पार्टी ने इस पद के लिए 30 सितंबर 2026 तक आवेदन की अंतिम तिथि तय की है। आवेदन के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।
तेज प्रताप की पार्टी में संगठन विस्तार की कवायद
JJD की ओर से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 'कर्मठ, ईमानदार, संघर्षशील और योग्य' व्यक्ति की तलाश की जा रही है। पार्टी ने अपने अभियान को सामाजिक न्याय, सामाजिक हक और 'सम्पूर्ण बदलाव' के संकल्प से जोड़ा है।
तीन दिन पहले राष्ट्रीय प्रवक्ता की नियुक्ति
खास बात यह है कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन मंगाने से महज तीन दिन पहले तेज प्रताप यादव ने पार्टी में एक अहम नियुक्ति की थी। 7 सितंबर को उन्होंने प्रिया सिंह वत्स को जेजेडी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया था।
तेज प्रताप ने एक्स पर नियुक्ति की जानकारी देते हुए कहा था कि प्रिया सिंह वत्स के सांगठनिक अनुभव, वाकपटुता और पार्टी की नीतियों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस नियुक्ति से पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
लालू के बेटे की नई राजनीतिक पारी पर नजर
तेज प्रताप यादव की राजनीति लंबे समय से चर्चा में रही है। राजद से अलग राजनीतिक राह चुनने के बाद उन्होंने जनशक्ति जनता दल का गठन किया और अब संगठन को विस्तार देने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष के लिए आवेदन मंगाने और राष्ट्रीय प्रवक्ता की नियुक्ति जैसे लगातार उठाए जा रहे कदमों से साफ है कि तेज प्रताप अपनी पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय करने पर जोर दे रहे हैं।
