चिराग पासवान का बड़ा हमला, गुजरात के सीएम की तरह प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं नीतीश कुमार
लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा है। शनिवार को पटना पहुंचे चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री के मन में प्रधानमंत्री बनने की लालसा है। यह ख्वाहिश उन्हें चैन नहीं लेने देती।
पटना, आनलाइन डेस्क। लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा है। शनिवार को पटना पहुंचे चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री के मन में प्रधानमंत्री बनने की लालसा है। वे बस सहयोगी दल को डराने की राजनीति कर रहे हैं। जब केंद्र मना कर चुका है तो फिर ये जातीय जनगणना क्यों नहीं कराते। केवल पालिटिकल इश्यू बनाकर इसका फायदा लेना चाहते हैं। इनकी मंशा केवल गठबंधन के दल को आंख दिखाने की है।
भाजपा से अलग होने का मौका ढूंढ़ रहे सीएम
चिराग पासवान ने कहा कि वे भी जातीय जनगणना के पक्ष में हैं। यह होनी चाहिए, तब ही जातियों का सही ब्योरा मिल सकेगा। उनके कल्याण के लिए सही काम हो सकेगा। लेकिन जब तय हो गया कि केंद्र सरकार इसे नहीं कराने वाली, तो राज्य सरकार अपने स्तर से क्यों नहीं करा रही। नीतीश कुमार फैसला करें और जनगणना शुरू कराएं। लेकिन वे ऐसा करेंगे नहीं। वे केवल बवाल खड़ा कर रहे हैं। वे भाजपा से अलग होने का बस मौका ढूंढ़ रहे हैं।
गुजरात का सीएम जब पीएम बन सकता तो ये क्यों नहीं
चिराग ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के मन में प्रधानमंत्री बनने की लालसा है। उनकी ये ख्वाहिशें चैन से बैठने नहीं देती। वर्ष 2013 में भी वे भाजपा से इसलिए अलग हुए थे कि नरेंद्र मोदी जी का नाम पीएम पद के लिए प्रोजेक्ट किया था। उनके मन में है कि यदि गुजरात का सीएम देश का पीएम बन सकता है जो तीन बार सीएम की शपथ ली तो तो फिर वे क्यों नहीं बन सकते। वे तो पांच बार सीएम बन चुके हैं। वे महागठबंधन के साथ भी जाएंगे तो सिर्फ इसलिए कि महागठबंधन उन्हें पीएम पद का दावेदार बनाए। लेकिन वहां भी ममता बनर्जी और कांग्रेस का अड़ंगा है। अपनी राजनीति में उलझकर बिहार को बर्बाद कर दिया है। बिहार के सही मुद्दे हाशिये पर हैं। बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है लेकिन उलझाएंगे शराब, जातीय जनगणना और विशेष राज्य के मुद्दे पर। हत्या, अपहरण के कारण बिहार बदनाम हो रहा है।