Weather in Bihar: बिहार में फिर से लौटी सर्दी, पछुआ हवा के कारण तेजी से गिरा है तापमान
Weather Forecast for Patna पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवाओं की गति में तेजी आने से वर्तमान में प्रदेश का अधिकांश हिस्सा भीषण ठंड की चपेट में आ गया है। राज्य में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। पटना के पार्क मैदान एवं सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
पटना, जागरण संवाददाता। Weather Forecast for Patna: पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवाओं की गति में तेजी आने से वर्तमान में प्रदेश का अधिकांश हिस्सा भीषण ठंड की चपेट में आ गया है। राज्य में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकांश भागों में लोग सुबह में घर में दुबके हुए हैं। राजधानी के पार्क, मैदान एवं सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। धूप भी ठंड से शर्माती नजर आई। सुबह में धूप निकली लेकिन उसका कोई खास असर वातावरण पर नहीं देखा जा रहा है।
पछुआ हवा के कारण बदला मौसम का मिजाज
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि पश्चिम से आने वाली हवा देश के उत्तरी भाग के पर्वतों से टकरा कर काफी ठंडी हो जा रही है। वही हवा पर्वतों से टकरा कर देश के मैदानी भागों में जब प्रवेश कर रही है तो लोगों को ठंड का अनुभव हो रहा है। इस तरह की स्थिति अगले दो दिनों तक बने रहने की उम्मीद है। इसके बाद मौसम में थोड़ी सुधार हो सकता है। बुधवार की सुबह काफी ठंडी हवा चलने के कारण राजधानी की महत्वपूर्ण पार्क में बहुत कम लोग टहलने के लिए निकले। अधिकांश लोगों के घरों के दरवाजे बंद रहे और लोग ठंड से बचाव के उपाय में जुटे रहे।
ठंड ने दी उलेन बाजार को गर्मी
मंगलवार से चल रही ठंडी हवाओं के कारण राज्य के ऊलेन बाजार को एक बार फिर गर्मी मिली है। लोगों ने गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू कर दी है। पिछले 1 सप्ताह से तेज धूप के कारण वातावरण में गर्मी रहने के कारण उन्हें बाजार एकदम मंद सा पड़ गया था। देश के कोने-कोने से आए कारोबारी काफी निराश हो चुके थे । लग रहा था कि ऊनी कपड़ों का बाजार अब खत्म हो गया था, लेकिन मौसम ने करवट बदली और एक बार फिर उलेन बाजार गर्म हो चुका है। काफी संख्या में लोग कल से ही उलेन बाजार में जाकर खरीदारी कर रहे हैं।
पटना के खादी मॉल के प्रबंधक रमेश चौधरी का कहना है कि बाजार में थोड़ी गर्मी आई है। अगर ठंड इसी तरह जारी रही तो उलेन कपड़ों की बिक्री एक बार फिर काफी बढ़ सकती है। इससे देश के कोने-कोने से आए कारोबारियों को बड़ी राहत मिल सकती है।