14 दिसंबर को बन रहा खास रवि योग, सुखी वैवाहिक जीवन और जल्दी शादी के लिए ऐसे करें राम-सीता की पूजा
अगहन शुक्ल पंचमी पर 14 दिसंबर को विवाह पंचमी मनाई जाएगी, जो भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का पावन पर्व है। इस दिन राम-जानकी की पूजा-अर्चना से सुखी दांपत्य जीवन और विवाह बाधाएं दूर होती हैं, पटना में विशेष आयोजन होंगे।

धनिष्ठा नक्षत्र में 14 दिसंबर को मनेगी विवाह पंचमी (AI Generated Image)
जागरण संवाददाता, पटना। अगहन शुक्ल पंचमी पर 14 दिसंबर, सोमवार को विवाह पंचमी का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस तिथि को मां सीता और भगवान श्रीराम का विवाह का संपन्न हुआ था।
विवाह पंचमी पर राम-जानकी की पूजा-अर्चना और दर्शन से सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद मिलता है। इस अवसर पर शहर के राम दरबार मंदिरों और ठाकुरबाड़ियों में विशेष पूजा, भव्य शृंगार और आरती की तैयारी की जाएगी।
शहर के महावीर मंदिर, गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी समेत अन्य मठ-मंदिरों में पूजा होगी। ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने बताया कि इस दिन धनिष्ठा नक्षत्र और रवि योग पूरे दिन रहेंगे, जबकि जयद् योग दोपहर 3:20 बजे तक रहेगा।
श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद भगवान श्रीराम और माता जानकी की विधि-विधान से पूजा करेंगे। इस दौरान उन्हें पत्र-पुष्प, इत्र, धूप-दीप अर्पित कर सुख-समृद्धि और पारिवारिक मंगल की कामना की जाएगी।
विवाह पंचमी पर पति-पत्नी का एक साथ सीताराम की पूजा, आरती और रामचरितमानस का पाठ करना विशेष फलदायी माना गया है। इस दिन राम रक्षास्त्रोत का पाठ और प्रभु की स्तुति करने से पारिवारिक कलह और आपसी मनमुटाव दूर होने की मान्यता है।
तुलसी की माला से सीताराम नाम का जप करना भी शुभ माना गया है। इसके अलावा अर्गला स्तोत्र और दुर्गा सहस्रनाम का पाठ करने की भी परंपरा है। विवाह पंचमी पर रामचरितमानस का नवाह्न पारायण भी किया जाता है।
माता जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी के निकट नेपाल के जनकपुर स्थित धनुषाधाम में इस अवसर पर भव्य आयोजन और मेला लगता है। विवाह पंचमी का दिन अविवाहित कन्याओं और दांपत्य जीवन में सुख-शांति की कामना करने वाले दंपतियों के लिए विशेष महत्व रखता है।
राम-जानकी की आराधना से विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती हैं और पति-पत्नी के बीच प्रेम व विश्वास मजबूत होता है।
ब्रह्माजी ने तैयार की थी विवाह की लग्न पत्रिका:
भगवान श्रीराम के शिवधनुष तोड़ने के बाद राजा जनक ने अयोध्या में राजा दशरथ को विवाह का संदेश भेजा था। इसके बाद राजा दशरथ भरत, शत्रुघ्न और मंत्रियों के साथ जनकपुर पहुंचे। विवाह का शुभ मुहूर्त निर्धारित करने के लिए ग्रह, तिथि और नक्षत्रों का विचार किया गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार ब्रह्माजी ने विवाह की लग्न पत्रिका तैयार कर नारदजी के माध्यम से राजा जनक तक पहुंचाई थी। शुभ मुहूर्त में रामजी की बारात पहुंची और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ राम-सीता का विवाह संपन्न हुआ। विवाह के बाद राजा जनक और राजा दशरथ ने प्रसन्नतापूर्वक एक-दूसरे को गले लगाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।