यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 15, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Vivah Muhurt 2021: शादियों का सीजन हो गया शुरू, नवंबर और दिसंबर में हैं कुल 12 शुभ मुहूर्त
Vivah Muhurt 2021 हिंदू परिवारों में आज से 13 दिसंबर तक बजेगी शहनाई भगवान विष्णु के जागने के साथ ही ...और पढ़ें

पटना, जागरण टीम। देवोत्थान एकादशी पर भगवान श्रीहरि यानी विष्णु के जागने के साथ ही हिंदू पंचांग के मुताबिक शुभ कार्यों का सिलसिला शुरू हो गया है। अब गृह प्रवेश, मुंडन संस्कार जैसे आयोजनों के साथ शादी-विवाह भी होंगे। देवोत्थान एकादशी से एक बार फिर से शादियों का सीजन शुरू हो गया है। इस बार शादियों में ना तो मेहमानों की संख्या पर बंदिश है और ना ही अनुमति लेने की जरूरत पड़ेगी। त्योहार और शादी के आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं व्यापारियों ने भी विवाह के सीजन को देखते हुए तैयारियां कर ली है, ताकि इस बार विवाह के सीजन में अच्छी कमाई हो सके। कुछ पंडितों के मुताबिक शादियों के मुहूर्त 15 नवंबर से ही तो कुछ पंडितों के मुताबिक 19 नवंबर से शुरू हो रहे हैं।
दो माह में कुल 12 दिन हैं शादियों के शुभ मुहूर्त
सिवान जिले के आंदर के पड़ेजी निवासी पंडित उमाशंकर पांडेय ने बताया कि 15 नवंबर यानी सोमवार को को देवोत्थान एकादशी है। इसके बाद से स्वाभाविक रूप से शुभ विवाह का लग्न शुरू हो जाएगा। 19 नवंबर से 13 दिसंबर के बीच कुल 12 दिन शादियों का शुभ मुहूर्त है। यह वो दिन है जब से शुभ मुहूर्त की शुरुआत हो जाती है। नवंबर महीने में ही शादी के कुल 7 शुभ मुहूर्त हैं, जबकि दिसंबर महीने में कुल 6 शुभ मुहूर्त पड़ रहे हैं। शादियों को लेकर इस बार जिले में होटलों, विवाह भवनों, बैंड बाजों, कैटरिंग, हलवाई, टेंट-शामियाना व सजावट वालों की बुकिंग होने लगी है।
इन दिनों में सबसे अधिक विवाह समारोह
सबसे अधिक शादियां 15, 16, 20, 21, 28 व 30 नवंबर को है। इसी तरह दिसंबर में विवाह मुहूर्त में 1, 2. 6, 7. 11, व 13 दिसंबर है। जनवरी माह में 14, 20, 27 व 28 जनवरी है। वहीं फरवरी में , 6, 11, 18. 21, 25 व 27 फरवरी तथा 4 व 8 मार्च के साथ साथ अप्रैल में शुभ मुहूर्तों में 14,17, 21 व 22 अप्रैल है। खास दिनों में मई में शादी समारोह में 11, 12, 18, 20 व 25 मई है। जून माह में 10, 12, 15 के बाद जुलाई में शुभ मुहूर्त 3, 6, 8, 10, 11, 14 तारीख है।
19 नवंबर से 13 दिसंबर बजेगी शहनाई
हाजीपुर के आचार्य प्रेम कुमार पाठक ने बताया कि चार माह के लंबे इंतजार के बाद अब शादी-विवाह का शुभ लग्न एवं मुहूर्त शुरू हो रहा है। चातुर्मास के कारण विगत चार माह से शादी-विवाह के अलावा सभी शुभ कार्य बंद था। लेकिन देवोत्थान एकादशी को भगवान विष्णु चार मास की निद्रा के बाद जगेंगे। उसके बाद से शादी-विवाह का शुभ लग्न व मुहूर्त शुरू हो जाएगा। 19 नवंबर से शादी-व्याह का लग्न शुरू हो रहा है जो 13 दिसंबर तक रहेगा। इसके बाद फिर खरमास शुरू हो जाएगा।
