पांच यात्रियों को लेकर मुंबई रवाना हुई विस्तारा की फ्लाइट, ट्रेन में नहीं मिल रहे दिल्ली जाने वाले यात्री
पटना से दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेनों में 40 फीसद भी यात्री नहीं मिल रहे है। वहीं एक दिन पहले विस्तारा की फ्लाइट पटना से मात्र पांच लोगों को लेकर मुंबई रवाना हुई।
पटना, जेएनएन। दिल्ली में तेजी से बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण का असर ट्रेनों के साथ फ्लाइट पर भी दिखने लगा है। पटना से दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेनों में 40 फीसद भी यात्री नहीं मिल रहे है। जबकि दूसरे राज्यों के लिए जा रही ट्रेनों में भीड़ बढऩे लगी है। शुक्रवार को राजेन्द्र नगर-नई दिल्ली राजधानी में 1083 बर्थ के सापेक्ष सिर्फ 305 यात्रियों ने बुकिंग कराई, जबकि 72 यात्रियों ने बुकिंग कैंसिल करा लिए। वहीं मुंबई, अहमदाबाद, पुणे, सिकंदाबाद में बर्थ खाली नहीं जा रहा।
एक जून से चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में सीट पूरी तरह फुल नहीं हुए। पिछले तीन चार दिनों से दिल्ली छोड़ अन्य अन्यों में जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ रही है। शुक्रवार को दानापुर-टाटा में 1157 बर्थ के सापेक्ष 2884 यात्री सवार हुए। दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में 1671 बर्थ के सापेक्ष 2108 यात्री सवार हुए। दानापुर-बेंगलुरू में 1496 बर्थ के सापेक्ष 1789 यात्री ने टिकट बुक कराए। पटना-अहमदाबाद एक्सप्रेस में 1901 टिकटों की बुकिंग हुई। वहीं राजगीर-नई दिल्ली में 1458 के सापेक्ष 1652 टिकट बुक हुआ। दानापुर-पुणे एक्सप्रेस में 1585 बर्थ के सापेक्ष 1619 टिकटें बुक हुई। पाटलिपुत्र-मुंबई में 97 फीसद यात्रियों से टिकट बुक किया। जबकि राजेन्द्र-नई दिल्ली में 1380 बर्थ के सापेक्ष 1074 टिकट बुक हुए, वहीं राजेन्द्र नगर-नई दिल्ली 1083 बर्थ के सापेक्ष 305 टिकट बुक हुए।
सिर्फ पांच यात्रियों को लेकर मुंबई रवाना हुई विस्तारा की फ्लाइट
मुंबई और दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेनों में पहले से ही बर्थ फुल नहीं हो रहे। अब फ्लाइट का भी कुछ ऐसा ही हाल है। शुक्रवार को मुंबई से विस्तारा के स्पेशल फ्लाइट से 156 यात्री पटना एयरपोर्ट पर पहुंचे। वहीं पटना से यह विमान करीब खाली ही उड़ान भरी। पटना से यह विमान महज पांच यात्रियों को लेकर मुंबई रवाना हुई। वहीं पटना से मुंबई जाने वाली अन्य विमानों इंडिगो, स्पाइस व गो एयर में भी यात्री नहीं मिल रहे हैं। 28 जून को भी विस्तारा की एक विशेष फ्लाइट मुबई-पटना-मुंबई सेक्टर के बीच ऑपरेट करेगी।