छात्रा से बनीं गुरु, पटना की विजेता कुमारी ने सिक्की कला से बनाई नई पहचान, अब युवाओं को सिखा रहीं हुनर
पटना की विजेता कुमारी ने उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान से सिक्की कला का प्रशिक्षण लेकर अपनी पहचान बनाई है। अब वह इसी संस्थान में प्रशिक्षक के रूप में नई पीढ़ी को यह पारंपरिक कला सिखाकर आत्मनिर्भर बना रही हैं।
-1795258275221_m.webp)
डिजिटल डेस्क, पटना। जब किसी के हाथ में हुनर हो और उसे निखारने के लिए सही मंच मिल जाए, तो साधारण सी शुरुआत भी बड़ी पहचान बन जाती है। पटना के खजपुरा की रहने वाली विजेता कुमारी की कहानी कुछ ऐसी ही है। बिहार की पारंपरिक सिक्की कला को सहेजने और आगे बढ़ाने में जुटीं विजेता आज न सिर्फ खुद आत्मनिर्भर हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी इस खूबसूरत कला से जोड़ रही हैं।
माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी पहल का असर है कि पटना का उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान आज विजेता जैसी कई महिलाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहा है।
18 साल का अनुभव, 2019 की ट्रेनिंग ने बदली राह
विजेता कुमारी को सिक्की कला का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। अपने सफर के बारे में बताते हुए वह कहती हैं, "मैंने साल 2019 में उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान, पटना से सिक्की कला का प्रशिक्षण लिया था। आज मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि मैं इसी संस्थान की सिक्की शिल्प शाखा में प्रशिक्षक के रूप में काम कर रही हूं।"
मेलों में लोगों ने खूब सराहा काम
संस्थान से ट्रेनिंग लेने के बाद विजेता के हुनर को एक नया मुकाम मिला। वह बताती हैं कि प्रशिक्षण के बाद उनकी बनाई हुई सिक्की की कलाकृतियां अलग-अलग मेलों में प्रदर्शित की गईं। वहां आने वाले लोगों ने उनके हाथ से बने उत्पादों की काफी सराहना की, जिससे उनका आत्मविश्वास और भी बढ़ा।
नई पीढ़ी को हुनर सिखाना ही सबसे बड़ी उपलब्धि
विजेता के लिए अपनी कला को सिर्फ खुद तक सीमित रखना काफी नहीं है। वह चाहती हैं कि बिहार की यह प्राचीन विरासत आने वाली पीढ़ियों के हाथों में भी जीवित रहे।
वह कहती हैं, "मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि उपेंद्र महारथी संस्थान से जुड़कर मैं अपनी सीखी हुई कलाकृतियों और इस हुनर को नई पीढ़ी और युवा वर्ग तक पहुंचा रही हूं।"
विजेता कुमारी की यह कहानी बताती है कि अगर पारंपरिक कला को सही प्रशिक्षण और सहयोग मिले, तो वह न केवल संस्कृति को बचाती है, बल्कि सम्मान और रोजगार का भी मजबूत जरिया बन जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।