पटना में वाहन चेकिंग: एक दिन में 2.60 लाख जुर्माना, 65 गाड़ियां की गईं जब्त Patna News
राजधानी में वाहन चेकिंग का विशेष अभियान शुरू हो चुका है। पहले दिन गाड़ियों की जांच के दौरान 2.60 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।
पटना, जेेएनएन। राजधानी में वाहनों की चेकिंग का सघन अभियान चलाया गया। प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर के नेतृत्व में शुरू हुए अभियान के पहले दिन नियमों का उल्लंघन करने वालों से 2.60 लाख रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। सबसे अधिक जुर्माना चार पहिया वाहनों की चेकिंग से वसूला गया। 141 चार पहिया, 109 दोपहिया वाहन, एक बस और एक तिपहिया वाहन से जुर्माना वसूला गया। जुर्माना नहीं देने पर 65 वाहनों को जब्त भी किया गया।
कारगिल चौक से शुरू हुआ अभियान
अभियान की शुरुआत कारगिल चौक से हुई। इसके अतिरिक्त डाकबंगला चौराहा, आयकर गोलंबर, बिहार म्यूजियम, एएन कॉलेज, हड़ताली चौक, पाटलिपुत्र गोलंबर, कुर्जी मोड़, राजापुर पुल सहित कई स्थलों पर वाहनों की चेकिंग की गई। अभियान में डीएम कुमार रवि, यातायात एसपी अमरकेश डी, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के सचिव सुशील कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अजय कुमार ठाकुर समेत कई अधिकारी सड़कों पर उतरे। वाहनों की चेकिंग की। यातायात पुलिस के दो सौ से अधिक जवानों को भी अभियान में लगाया गया था। कारगिल चौक पर आयुक्त आनंद किशोर ने दोपहिया वाहन चालक से तीन हजार का जुर्माना वसूलकर अभियान की शुरुआत की। जुर्माना राशि पीओएस मशीन से वसूली गई।
प्रशिक्षण का अभाव बना परेशानी का सबब
मोटरयान (संशोधन) अधिनियम 2019 की पर्याप्त जानकारी , पीओएस मशीन ऑपरेट करने का प्रशिक्षण और जांच के लिए व्यावहारिक ट्रेनिंग के अभाव की वजह से कई चेकिंग स्थलों पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। वाहन चालकों के पास कौन से दस्तावेज नहीं रहने पर किस प्रावधान या धारा के तहत जुर्माना वसूला जाए, इस जानकारी का अभाव चेकिंग के लिए प्रतिनियुक्त अधिकारियों में था। अंतत: जुर्माने की राशि हेलमेट नहीं पहनने के प्रावधान के तहत ही वसूली जाने लगी। कारगिल चौक के पास तो अभियान कागजातों की जांच के बदले महज हेलमेट जांच में ही तब्दील होकर रह गया। चेकिंग के दौरान कई चालकों ने डिजि लॉकर पर अपने ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य कागजात दिखाए। पुलिसकर्मियों को इस बारे में जानकारी नहीं थी और वे हार्ड कॉपी की डिमांड करते रहे।
सड़क पर रहें कड़क, बात तो टेबल पर होगी
वाहन चेकिंग अभियान को लेकर प्रशासनिक अधिकारी गंभीर हैं। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी वाहन को छोड़ा नहीं जा रहा है। ऑटो चालकों की मनमानी पर नकेल कसने के भी स्पष्ट आदेश दिए गए हैं। कहा गया है कि ओवर लोडिंग, जहां-तहां पार्किंग, बिना ड्राइविंग लाइसेंस या यातायात नियमों की किसी भी तरह अवहेलना करने पर सीधे चालान करें। चालान नहीं देने वाले चालकों के ऑटो को जब्त कर गांधी मैदान में रखने को कहा गया है। बिना जुर्माना ऑटो छोड़ा नहीं जाएगा। अधिकारी ऑटो चालकों के विरोध, प्रदर्शन और हड़ताल से निपटने के लिए भी तैयार हैं। मातहतों को स्पष्ट निर्देश दे दिया गया है कि हड़ताल करेंगे तो बात टेबल पर होगी। इसके डर से चेकिंग में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
काला शीशा लगे चारपहिया वाहनों पर भी लगेगा जुर्माना
जांच के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिया कि काला शीशा लगे वाहनों पर भी जुर्माना लगाया जाए। आयुक्त ने कहा कि मोटरयान संशोधन अधिनियम 2019 का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। इसका मकसद सुरक्षित यातायात है।
सर्वाधिक वसूली करने वाली टीम होगी पुरस्कृत
डीएम कुमार रवि ने यातायात एसपी को सर्वाधिक वसूली करने वाली टीम को पुरस्कृत करने के लिए निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।