यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपीएससी ने जारी किया सिविल सेवा पीटी का नोटिफिकेशन, IAS, IPS व IRS के 861 पदों पर होगी नियुक्ति
यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा (पीटी) 2022 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया। इस परीक्षा के माध्यम से स्नातक पास अभ्यर्थी आइएएस आइपीएस आइआरएस आइएफएस अफसर बनने का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा। इसके लिए अभ्यर्थी आनलाइन आवेदन 22 फरवरी तक कर सकेंगे।

नलिनी रंजन, पटना: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा (पीटी) 2022 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया। इस परीक्षा के माध्यम से स्नातक पास अभ्यर्थी आइएएस, आइपीएस, आइआरएस, आइएफएस अफसर बनने का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा। इसके लिए अभ्यर्थी आनलाइन आवेदन 22 फरवरी तक कर सकेंगे। इससे संबंधित विस्तृत जानकारी यूपीएससी की अधिकारिक वेबसाइट www.upsc.gov.in या www.upsconline.nic.in पर जानकारी हासिल कर सकते हैं। सिविल सेवा परीक्षा 2022 परीक्षा के लिए 861 पदों पर नियुक्ति के लिए वैकेंसी जारी की गई है। इसके लिए प्रारंभिक परीक्षा पांच जून को आयोजित की जाएगी। यूपीएससी की ओर से भारतीय वन सेवा परीक्षा के लिए भी अधिसूचना जारी कर दी गई है। दोनों एग्जाम के लिए प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल होना है। भारतीय वन सेवा परीक्षा के लिए 151 पदों की वैकेंसी निकाली गई है।
सिविल सेवा परीक्षा के लिए इतनी होनी चाहिए योग्यता
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षाओं के लिए योग्यता निर्धारित की गई है। इसके लिए मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी/ इंस्टीट्यूट से किसी भी विषय में स्थातक की डिग्री अभ्यर्थी के पास होनी चाहिए। बता दें कि बैचलर डिग्री पाठ्यक्रम की अंतिम परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी आवेदन फार्म भर सकते हैं। उम्मीदवारों को सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा का फार्म भरने के दौरान स्थातक डिग्री प्राप्त होने का प्रमाण देना होगा। वहीं भारतीय वन सेवा परीक्षा के लिए किसी मान्यता प्राप्त संस्थान अथवा विश्वविद्यालय से मैथमेटिक्स, फिजिक्स, स्टेटिस्टिक्स, एनिमल हस्बैंड्री एंड वेटरिनेरी साइंस, बाटनी, केमिस्ट्री, जियोलाजी, और जूलाजी में से किसी एक विषय के साथ स्नातक डिग्री प्राप्त होनी चाहिए। वहीं एग्रीकल्चर/ फारेस्ट्री में बैचलर या इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री वाले में इसके लिए योग्य होंगे। एग्जाम के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 साल होनी चाहिए। अधिकतम उम्र 32 साल से कम होनी चाहिए। परीक्षा के लिए आयु की गणना 1 अगस्त 2022 से की जाएगी।