राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Politics: उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री शुक्रवार को बिहार की राजधानी पटना आए। उन्‍होंने यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना सम्राट अशोक से की। भाजपा की ओर से पटना में आयोजित सम्राट अशोक जयंती समारोह में कुशवाहा समाज को संबोधित करते हुए मौर्य ने शुक्रवार को बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उत्साह बता रहा कि 2014 और 2019 के बाद 2024 में भी नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। वे भाजपा की ओर से गांधी मैदान के पास बापू सभागार में आयोजित सम्राट अशोक जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भी लगातार हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रयासरत हैं। सम्राट अशोक की तरह पूरी जिम्मेदारी के साथ ईमानदारी से कर्तव्य को पूरा कर रहे हैं। सम्राट अशोक की न्याय व्यवस्था को साकार कर रहे हैं। दुनिया को शांति का संदेश भी दे रहे हैैं। संयुक्त राष्ट्र के मंच से प्रधानमंत्री ने कहा है कि हमने दुनिया को युद्ध नहीं, भगवान बुद्ध दिया है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कमजोर हैं। नरेन्द्र मोदी भारत को शक्तिशाली देश बनाने के लिए प्रयासरत हैं। सम्राट अशोक ने लगातार विजय प्राप्त नहीं की होती तो दुनिया उनकी शक्ति को नहीं मानती। यही काम आज नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं।

  • कुशवाहा समाज का उत्साह बता रहा 2024 में नरेन्द्र मोदी फिर बनेंगे प्रधानमंत्री : मौर्य
  • भाजपा के सम्राट अशोक जयंती समारोह में बोले यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
  • देश के दुश्मनों को चेताया : हमारे प्रधानमंत्री शांति के पक्षधर, लेकिन क्रांति में भी सक्षम

मौर्य ने कुशवाहा समाज से गांव-गांव में भाजपा को मजबूत करने का आह्वान किया। हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने प्रदेश के सभी नगर निकायों में सम्राट अशोक के नाम पर कन्वेंशन भवन बनाने की पहल के लिए बिहार के पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया। समारोह को मंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, रेणु देवी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भी संबोधित किया।

Edited By: Shubh Narayan Pathak