यूपी सीएम योगी ने नीतीश कुमार को अवैध बूचड़खाना बंद करने की दी चुनौती
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिहार के दरभंगा जिले में एक रैली को संबोधित करने पहुंचे। रैली से पहले आज सुबह मौसम की वजह से सभा स्थल का पंडाल गिर गया था।
पटना [जेएनएन]। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार बिहार आए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला। सवाल उठाया कि नीतीश कुमार तीन तलाक पर चुप क्यों रहते हैं? मुंह क्यों नहीं खोलते?
उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के 24 घंटे के अंदर अवैध बूचडख़ाने बंद करा दिए गए। बिहार में ऐसा क्यों नहीं करते? संदर्भ था नीतीश कुमार का बुधवार को दिया गया बयान। नीतीश ने पूछा था कि योगी आदित्यनाथ यूपी में शराबबंदी क्यों नहीं कर रहे?
केंद्र सरकार के तीन साल पूरे होने पर गुरुवार को दरभंगा के राज मैदान में आयोजित सभा में योगी ने कहा, आधी आबादी पर जब न्याय देने की बात देश में हो रही तब नीतीश कुमार तीन तलाक पर चुप क्यों हैं? बिहार सरकार क्यों नहीं सुप्रीम कोर्ट में स्पष्ट राय देती। इसे अमानवीय क्यों नहीं कहती है? इसके खिलाफ उनकी आवाज क्यों नहीं निकलती। यह उनकी कथनी व करनी में अंतर दिखाता है।
नीतीश को चुनौती
सरकार बनने के 24 घंटे के अंदर यूपी में अवैध बूचडख़ाना को बंद किए जाने की चर्चा करते हुए नीतीश से इसे बिहार में बंद करने की चुनौती भी दी। लालू-नीतीश की जोड़ी को बेमेल शादी बताते हुए कहा कि बिहार को इससे मुक्त कराना जरूरी है। योगी ने केंद्र सरकार के तीन साल को बेमिसाल बताया। मोदी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।
गरीबों के लिए पहली बार बनीं योजनाएं
केंद्र की विभिन्न योजनाओं की चर्चा करते हुए योगी ने कहा कि गांव-गांव में बिजली पहुंच रही। गरीबों के घरों में गैस चूल्हे जल रहे। मगर, जहां भाजपा की सरकार नहीं वहां ये योजनाएं ईमानदारी से लागू नहीं हो रहीं।
आता रहूंगा बिहार
योगी ने कहा कि समग्रता के लिए बिहार में परिवर्तन जरूरी है। जब तक परिवर्तन नहीं होगा, वे आते रहेंगे। बिहार और यूपी के संबंध को भावनात्मक बताते हुए कहा कि वे इसे निभाने यहां आए हैं। दोनों राज्यों का संबंध युग-युगांतरों से रहा है। पूर्वांचल की संस्कृति बिहार की पार्ट टू है। इसलिए यूपी के साथ बिहार में काम करने का दायित्व लिया है। वे पहली बार यहां आए हैं। अब भाजपा का झंडा लहराने तक आते रहेंगे।
बिहार के अधिकारियों पर मुझे है भरोसा
योगी ने कहा कि यूपी में महत्वपूर्ण पदों पर बिहार के अधिकारियों को बिठाया है। लोग इस बारे में पूछते हैं, तो जवाब यह होता कि प्रतिभा बिहार के लोगों में है तो कहां से लाऊं। योगी ने दुख जताया कि बिहार की प्रतिभा हमेशा नेतृत्व करने वाला रहा है। मगर, इस प्रतिभा को नजर लग गई।
यहां का युवा हताश है। उनका पलायन हो रहा। सभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने संबोधित किया।
यह भी पढ़ें: सीएम नीतीश ने यूपी सीएम योगी को दी सलाह, खाली हाथ मत आइएगा बिहार
बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से बोले योगी
सभास्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर प्रशासन इतना संवेदनशील था कि उनके सामने बुलेटप्रूफ शीशा लगाया गया था। उसके पीछे से योगी बोले। सभा स्थल पर पुलिस अलर्ट दिखी।
यह भी पढ़ें: लालू ने कहा-एेसी बहू चाहिए जो अपनी सास (राबड़ी) से ना लड़े, जानिए