बेमौसम बारिश ने खराब किए शहर के हालात, गलियों से लेकर सड़कों तक कीचड़ ही कीचड़
शनिवार की शाम से बारिश बंद होने के बाद रविवार को धूप निकली है इसके बावजूद शहर के कई भीड़-भाड़ वाले इलाकों में बारिश का पानी भरा है।
पटना, जेएनएन। बेमौसम बारिश ने शहर को बदरंग कर दिया है। नई कंकरीट की सड़कों पर जगह-जगह पानी जमा हो गया है। शनिवार की शाम से बारिश बंद होने के बाद रविवार को धूप निकली है, इसके बावजूद शहर के कई भीड़-भाड़ वाले इलाकों में बारिश का पानी भरा है। ड्रेनेज से मिलान नहीं होने के कारण लोगों का चलना भी मुश्किल हो गया है। शहर में जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाने और ड्रेनेज सिस्टम बनाने के लिए खुदाई की गई है, इससे जगह-जगह गलियों में सड़कों पर कीचड़ भर गए हैं।
बस स्टैंड में कीचड़, यात्री हो रहे परेशान
मीठापुर बस स्टैंड में कीचड़ से यात्री परेशान हो रहे हैं। मजबूरी में लोग बस पर सवार होने के लिए कीचड़ में जाने को मजबूर हो रहे हैं। हालांकि बीच-बीच में जलजमाव ने भी परेशानियां बढ़ा दी हैं। वार्डों में नाले की सफाई चल रही है। कंकड़बाग में शालीमार स्वीट्स से लेकर ऑटो स्टैंड तक नाले की सफाई हुई है। इससे कचरा रोड पर फैल गया है और नाले के अंदर ही गिर रहा है। इससे लोग परेशान हो रहे हैं।
अशोकनगर की सड़कों पर कीचड़ से परेशानी
अशोक नगर की अधिकांश सड़कें टूट गई हैं। सड़क पर कीचड़ आ जाने से चलना मुश्किल हो गया है। लोग काफी परेशान हैं। जगह-जगह जलजमाव हो गया है। कंकड़बाग में पानी जम गया है।
राजीवनगर क्रॉसिंग के पास बढ़ी परेशानी
राजीव नगर क्रॉसिंग के पास कीचड़ हो गया है। कई गड््ढे बन गए हैं। इससे लोग सड़क पर फिसल रहे हैं और चलना खतरनाक हो गया है।
इंद्रपुरी में जलजमाव
इंद्रपुरी में कई जगहों पर जलजमाव हो गया है। रोड जीरो में जलजमाव से लोग परेशान हैं। यही हालत रोड नंबर दो की है। यहां तो दो दिनों से सड़कों के किनारे-किनारे होकर ही गुजरना हो रहा है।
विद्यापति मार्ग में खुदाई से बुरा हाल
विद्यापति भवन में सड़क खुदाई होने से बुरा हाल हो गया है। जिला मत्स्य कार्यालय के पास स्थिति और खराब हो गई है। आगे भी स्थिति बदतर है। वहीं पुलिस कॉलोनी में जलजमाव के साथ कीचड़ होने से नागरिकों की परेशानियां बढ़ गई है।