बोले केंद्रीय मंत्री उपेंद्र, सामाजिक न्याय के नाम पर ढोंग कर रहे CM नीतीश
केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि सामाजिक न्याय की उपज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब इसी के नाम पर ढोंग करने लगे हैं। यह बात जगदेव पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
पटना [राज्य ब्यूरो ]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सामाजिक न्याय की उपज थे लेकिन वे अब इसके नाम पर ढोंग कर रहे हैं। बाढ़ की मार सबसे ज्यादा गरीबों पर पड़ी लेकिन राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों को राहत उपलब्ध कराने की बजाय केंद्र सरकार सरकार के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रही है। यह बात केन्द्रीय मंत्री व रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने जगदेव शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
मंत्री ने कहा कि जगदेव प्रसाद जीवनभर समाज के शोषित और गरीब वर्गो को अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए संघर्ष करते रहे। शोषित वर्गो के लिए आवाज उठाने के कारण ही राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों ने उनकी हत्या कर दी। पुण्यतिथि पर अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा द्वारा रविवार को विद्यापति भवन में मुक्ति अभियान सभा का आयोजन किया गया।
सभा की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष जेपी वर्मा ने की। इस मौके पर रालोसपा सांसद रामकुमार शर्मा, विधायक सुधांशु शेखर और नारायण सिंह कुशवाहा ने विचार व्यक्त किए।