पटना में अनियंत्रित वाहन ने एक परिवार तीन को रौंदा, महिला समेत सभी की मौत
लड़की देखकर लौट रहे एक बाइक पर सवार एक महिला और दो युवकों को अनियंत्रित वाहन ने रौंद दिया। दर्दनाक दुर्घटना में घटनास्थल पर ही तीनों की मौत हो गई। तीनों फतुहा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।
संसू, दनियावां (पटना): बिहार की राजधानी पटना में रविवार की रात बड़ा हादसा हो गया। सरमेरा-दनियावां-एन एच-78 पर शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के एमनबिगहा गांव के समीप एक बाइक पर सवार एक महिला और दो युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। दर्दनाक दुर्घटना में घटनास्थल पर ही तीनों की मौत हो गई। तीनों की पहचान फतुहा थाना क्षेत्र के गौरी पुनदह गांव निवासी पंकज राउत (26 वर्ष), सुदामा कुमार (20 वर्ष) एवं रीता देवी (50) के रूप में हुई। तीनों एक ही परिवार के थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी रही। दुर्घटना के बाद ठोकर मारने वाला चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतक शादी के लिए लड़की देखकर अपने घर वापस लौट रहे थे।
- - शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के एमनबिगहा गांव के समीप हुई दुर्घटना
- - सभी मरने वाले फतुहा थाना क्षेत्र के गौरी पुनदह गांव के
- - लड़की देखकर बेलदारीचक से एक ही बाइक से लौट रहे थे सभी
घटनास्थल पर तीनों ने तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, रविवार को सुदामा, पंकज और रीता देवी स्वजनों के साथ लड़की देखने बेलदारीचक थाना क्षेत्र के सोहगी गांव गए थे। सोहगी से लड़की देखकर तीनों एक ही बाइक से फतुहा स्थित घर वापस लौट रहे थे। इनके साथ तीन अन्य बाइक पर स्वजन भी साथ चल रहे थे। रविवार की रात लगभग आठ बजे एमनबिगहा गांव के समीप अनियंत्रित वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। इसके बाद महिला और दोनों युवक वाहन की चपेट में आ गए। दुर्घटना में तीनों की मौत हो गई। बाइक से पहुंचे स्वजनों ने घटना की जानकारी फतुहा और गौरीचक थाने को दी। सूचना मिलते ही दोनों थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद मामला शाहजहांपुर थाना क्षेत्र का निकला। शाहजहांपुर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।