बिहार: सोशल मीडिया में PM मोदी व सांप्रदायिक सद्भाव के खिलाफ डाली आपत्तिजनक पोस्ट, गिरफ्तार
बिहार में पश्चिम चंपारण निवासी एक युवक ने पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट किया। औरंगाबाद के एक अन्य युवक ने धार्मिक उन्माद फैलाने वाले पोस्ट किए। दोनों गिरफ्तार कर लिए गए।
पश्चिमी चंपारण/ औरंगाबाद, जागरण टीम। बिहार में सोशल मीडिया में आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले दो युवकाें को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें पश्चिम चंपारण जिले के एक युवक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक संदेश फैलाने का आरोप है। औरंगाबाद निवासी दूसरे युवक पर सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले पोस्ट करने का आरोप है।
पीएम मोदी व अमित शाह के खिलाफ किया पोस्ट
बिहार के पश्चिम चंपारण स्थित गौनाहा प्रखंड ककी मंझरिया पंचायत के हरपुर गांव के रहने वाले मुश्ताक आलम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया में आपत्तिजनक पोस्ट किया था। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे शनिवार की रात गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष प्रभात समीर ने इसकी पुष्टि की।
प्रखंड विकास पदाधिकारी हरिमोहन कुमार व अंचलाधिकारी राजीव रंजन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुश्ताकने देश के सम्मानित पदों पर आसीन नेताओं के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए सोशल मीडिया में मैसेज वायरल किया था।
युवक ने किए धार्मिक उन्माद फैलाने वाले ट्वीट
उधर, औरंगाबाद के दाउदनगर में भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने का एक और मामला सामने आया है। धार्मिक उन्माद फैलाने वाले इस पोस्ट के लिए पुलिस ने दाउदनगर वार्ड संख्या- 11 स्थित सुतहटी गली निवासी मोहम्मद रेहान राजा उर्फ रेहान रंगरेज उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है।
दाउदनगर के एसडीपीओ राजकुमार तिवारी ने बताया कि रेहान रंगरेज के ट्विटर हैंडल से कई दिनों से धार्मिक उन्माद व झगड़ा पैदा करने वाले पोस्ट डाले जा रहे थे। इसकी जांच की गई तो आरोप को सही पाया गया। उसने सरकार, सेना व एक समुदाय विशेष को टारगेट करते हुए पोस्ट डाले थे। इसके बाद उसे दो समुदायों के बीच तनाव पैदा करने और गलत पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि उसके साथ सक्रिय अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।