Patna News : चालबाज महिलाओं ने दारोगा जी को लगाया चूना, रिसेप्शन से ले उड़ीं गहनों से भरा गिफ्ट बैग
बिहार पुलिस के दारोगा शशि रंजन की शादी की रिसेप्शन पार्टी से गिफ्ट बैग चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। पार्टी 28 नवंबर की रात दीघा-आशियाना रोड स्थित सिंह लान मैरिज हाल में चल रही थी।
पटना, जागरण संवाददाता। बिहार पुलिस के दारोगा शशि रंजन की रिसेप्शन पार्टी से गिफ्ट बैग चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। पार्टी 28 नवंबर की रात दीघा-आशियाना रोड स्थित सिंह लान मैरिज हाल में चल रही थी। बैग में 2 लाख रुपये के आभूषण के अलावा 27 हजार नगदी थी।
वारदात की जानकारी होने पर दारोगा ने दीघा थाने में प्राथमिकी कराई। सीसी कैमरे के फुटेज में दो महिलाएं बैग चुराते दिख रही हैं। थानाध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने बताया कि आरोपित महिलाओं की पहचान की जा रही है। शशि रंजन सारण जिले के मांझी थाने में पदस्थापित हैं।
सिंह लान मैरिज में उनकी रिसेप्शन पार्टी रात नौ बजे से शुरू हुई। करीब 40 मिनट बाद मालूम हुआ कि गिफ्ट बैग चोरी हो गया। उसमें सोने-चांदी के आभूषण व भेंट स्वरूप मिली नगदी थी। सीसीटीवी फुटेज देखने से मालूम हुआ कि दो महिलाएं मुख्य मंच के पास पहुंचकर गिफ्ट बैग उड़ा ले गईं।
दोनों महिला चोरों ने नीले रंग के कपड़े पहन रखे थे। एक महिला ने सलवार-कमीज के साथ गुलाबी रंग का दुपट्टा ओढ़ रखा था। पुलिस ने दोनों की पहचान करने के लिए तस्वीरें मुखबिर और विभिन्न थानों को भेज दी हैं।
महिला के पर्स से मंगलसूत्र और सोने की दो चेन चोरी
शादी समारोह में शामिल होने गांधी मैदान के होटल मौर्य में आईं बोकारो स्टील सिटी (झारखंड) की सुजाता झा के पर्स से चोरों ने मंगलसूत्र व सोने की दो चेन गायब कर दी। घटना 28 नवंबर की बताई जाती है, लेकिन उन्होंने दो दिन बाद गांधी मैदान थाने में प्राथमिकी कराई।
वह बहन की बेटी की शादी के लिए होटल आई थीं। होटल की लुंबिनी हाल में उन्होंने पर्स रखा और विवाह कार्यक्रम में व्यस्त हो गईं। अगली सुबह उन्होंने पर्स खोला तो अंदर से आभूषण गायब मिले।
होटल के सीसीटीवी फुटेज में दो युवक बैग से जेवर निकालते दिख रहे हैं। एक आरोपित ने काले व पीले रंग की हुडी व दूसरे ने नीले रंग की जींस पहन रखी थी। पुलिस आरोपितों की पहचान में जुटी है।