बिहार: दो सड़क दुर्घटनाओं में 12 घायल, वैशाली में दो की मौत
कटिहार में बड़ी सड़क दुर्घटना में एक अनियंत्रित वैन पांच लोगों को कुचलते हुए भाग गई। उधर, वैशाली में कार-ट्रैक्टर की टक्कर में नौ लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की मौत हो गई।
पटना [जेएनएन]। बिहार में आज सड़क दुर्घटनाओं की सुबह हुई। देर रात से सुबह तक कटिहार व वैशाली में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 14 लोग घायल हो गए। बाद में घायलों में से दो की मौत हो गई।
शनिवार देर रात कटहार से गुजरते उच्च पथ 77 पर एक अनियंत्रित पिक-अप वैन ने पांच लोगों को कुचल दिया था। घटना से आक्रोशित लोगों ने रात काफी देर तक सडक जाम रखा। दुर्घटना के बाद मची अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों ने राहत व बचाव कमान संभाल ली। पांचों घायलों को पीएचसी फलका में भर्ती कराया गया। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
उधर, वैशाली के महुआ में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक ऑल्टो कार को टक्कर मार दी। वैशाली के फुलवरिया में हुई इस दुर्घटना में नौ लोग घायल हो गए। घायलों में से दो की मौत इलाज के दौरान हो गई।