मिशन 2019: लोकसभा चुनाव की तैयारियों को ले भाजपा की बैठक में मंथन
लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी दल तैयारियों में जुट गए हैं। इसे लेकर भाजपा की दो दिवसीय बैठक सोमवार को शुरू हुई। बैठक के पहले दिन का हाल जानिए इस खबर में।
पटना [राज्य ब्यूरो]। अगले साल होने जा रहे लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिलाध्यक्ष,लोकसभा प्रभारी और विस्तारकों की बैठक प्रदेश मुख्यालय में हुई। इसमें शक्ति केंद्र स्थित बूथों एवं उनकी कमेटियों की समीक्षा की गयी तथा बूथ मैनेजमेंट के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सलाह व सुझाव दिए गए। बैठक में तय किया गया कि सभी स्तर के पदाधिकारी अब बूथ और शक्ति केंद्रों पर प्रवास करेंगे। यह बैठक कल भी चलेगी, जिसमें बिहार के प्रभारी भूपेंद्र यादव भी शामिल रहेंगे।
योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए चलेगी मुहिम
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की गरीबों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में लोगों को बताया जाएगा। इन योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए भी मुहिम चलायी जाएगी। भाजपा की कोशिश है कि जनहित की हर योजना का लाभ उसके टारगेट ग्रुप तक पहुंचे और कोई जरूरतमंद उसके लाभ से वंचित न रह सके।
जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारी नमो ऐप से जुड़े, इसके लिए पार्टी विशेष मुहिम चलाएगी। भाजपा राज्य की 40 लोकसभा क्षेत्रों के बूथ लेवल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पार्टी का दायरा बढ़ाने पर काम कर रही है जिसमें पार्टी के सभी नेता व कार्यकर्ता मेहनत कर रहे हैं।
इन्होंने भी रखी अपनी बात
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि पार्टी कार्यकताओं को केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन जन के बीच ले जाना चाहिए। वहीं पथ निर्माण मंत्री नन्द किशोर यादव ने चुनाव की बारीकियों और बूथ स्तर पर आने वाली समस्याओं से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्रों को सक्रिय कर हम पार्टी संगठन को जन जन के बीच ले जा सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने कहा की सरकार के काम और संगठन की मेहनत की बुनियाद पर हम चुनाव में सफलता प्राप्त कर सकते हैं क्योंकि विपक्ष सिर्फ प्रोपोगंडा फैलाता है। इस बैठक को प्रदेश संगठन महामंत्री नागेंद्र जी ने भी संबोधित किया और संगठन की बारीकियों से सभी को अवगत कराया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कुमार,नीतीश मिश्रा, सम्राट चौधरी, मिथिलेश तिवारी, निवेदिता सिंह, पुतुल सिंह, शिवेश राम,अनिल शर्मा,प्रदेश महामंत्री सुशील चौधरी,राजेंद्र सिंह,राधा मोहन शर्मा, प्रमोद चंद्रवंशी,प्रदेश प्रवक्ता संजय टाईगर,राजीव रंजन, प्रेम रंजन पटेल,प्रो जफर शमसी,सुरेश रूंगटा व अशोक भट्ट मौजूद थे।