Bihar: DIG मनु महाराज का बना लिया था फर्जी फेसबुक अकाउंट, दो साइबर क्रिमिनल चढ़े पुलिस के हत्थे
बिहार में साइबर क्राइम का नया मामला सामने आया है। साइबर क्रिमिनल ने पुलिस के वरीय अधिकारी के नाम से ही फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया था।
मुंगेर, जेएनएन। बिहार में साइबर क्राइम का नया मामला सामने आया है। साइबर क्रिमिनल ने पुलिस के वरीय अधिकारी के नाम से ही फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया था। बताया जाता है कि मुंगेर के डीआइजी मनु महाराज के नाम से यह फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया गया था। पुलिस ने दोनों साइबर क्रिमिनल को गिरफ्तार किया है। दोनों साइबर क्रिमिनल गया के रहने वाले हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि डीआइजी मनु महाराज का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाने के मामले में पुलिस ने गया जिला के रामजी मार्केट बेलागंज से नीरज कुमार और धीरज कुमार को गिरफ्तार किया है। धीरज कुमार मनु महाराज के फर्जी फेसबुक अकाउंट के जरिये एक निजी कोचिंग का प्रचार-प्रसार करता था। वहीं, लड़कियों की अश्लील फोटो और पोर्नोग्राफी के माध्यम से उन्हें ब्लैकमेल भी करता था।
इधर, डीआइजी मनु महाराज का कहना है कि उनके नाम से काेई भी फेसबुक अकाउंट नहीं है। वे फेसबुक पर हैं ही नहीं। बता दें कि इसके पहले भी उनके नाम पर फर्जी फेसबुक अकाउंट का मामला सामने आया था। इतना ही नहीं, बिहार के कई अन्य पुलिसकर्मियों के नाम से भी फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाए गए थे। बताया जाता है कि बिहार में साइबर क्राइम का गैंग चल रहा है, जो अधिकारियों के नाम से ही नहीं, बल्कि आम लोगों के नाम से भी फर्जी अकाउंट बनाकर लड़कियों को बदनाम किया जाता है। अश्लील फोटो डाल दिए जाते हैं।
बहरहाल, मुंगेर के डीआइजी मनु महाराज के नाम से बनाये गये फर्जी फेसबुक अकाउंट मामले में गया के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। उन दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही गैंग के कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।