पटना में तेज रफ्तार बाइकें आपस में टकराईं, एक युवक की मौत-दो की हालत गंभीर Patna News
पटना में गुरुवार को दो बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पटना, जेएनएन। राजधानी के परसा बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवकों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुनपुन थाना क्षेत्र के अलावलपुर का रहने वाला विकास कुमार (23) पुनपुन से पटना की ओर बाइक से जा रहा था। दोपहर करीब दो बजे जैसे ही वो परसा थाना के यादव चक पुल के समीप पहुंचा कि विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक उसकी बाइक से टकरा गई। हादसे के बाद विकास कुछ दूर घिसटते हुए चला गया।
जोरदार टक्कर के बाद विकास की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर विकास की मौत के बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।