हम बार-बार बिहार आना चाहेंगी : चिंकी-मिंकी
द कपिल शर्मा शो से फेमस हुई चिंकी-मिंकी शनिवार को पटना के एक निजी कार्यक्रम में पटना पहुंचीं
पटना। द कपिल शर्मा शो से फेमस हुई चिंकी-मिंकी शनिवार को पटना के एक निजी कार्यक्रम में आई हुई थीं। उन्होंने पहली बार बिहार आने पर खुशी जाहिर की और यहां के लोगों की दिल खोलकर तारीफ की। दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे पटना आई हैं तो लिट्टी-चोखे का स्वाद लेकर ही जाएंगी। क्या पटना पहली बार आना हुआ है?
हां, पटना के बारे में बहुत कुछ सुना था, लेकिन कभी पटना आने का मौका नहीं मिला था। पटना के बारे में जानने की इच्छा थी। किताबों में बिहार को खोज कर यहां के बारे में पढ़ते रहते थे। ये चिंकी- मिंकी का असल नाम क्या है?
चिंकी-मिंकी तो हम लोगों के टीवी पर काम करने के दौरान मिले नाम हैं। हमारा असल नाम सुरभि मेहरा और समृद्धि मेहरा है। कपिल शर्मा के शो में जाने के बाद हमें ये नाम मिला है और अब सब हमें इसी नाम से जानने लगे हैं। लड़कियों के लिए स्टैंड अप कॉमेडी करना कितना मुश्किल है?
लड़कियों के लिए कॉमेडी करना थोड़ा मुश्किल होता है। पहले तो भीड़ को काबू में करना बहुत मुश्किल होता है। इसलिए कहां पर शो हो रहा है, इसके बारे में भी पूरी जानकारी होती है तब ही जाते हैं। कपिल शर्मा के शो में जाने का मौका कैसे मिला?
हमें पता चला कि कपिल के शो में ऑडिशन चल रहा है। इसके बाद हम दोनों बहनें वहां पर गई। जुड़वा होने के कारण हम बदमाश भी बहुत थीं और हम लोगों के बीच एकता भी बहुत थी। ऑडिशन में इस चीज को बहुत पसंद किया गया और आज हम आप सभी के सामने हैं। पटनावासियों के लिए कोई खास संदेश देना चाहती हैं?
हमें पहली बार पटना आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यहां अभी तक तो ज्यादा घूमने का मौका नहीं मिला है, लेकिन हम आगे भी बिहार आती रहेंगी।