रेलवे में सवा दो लाख लोगों को मिलेगी नौकरी, आर्थिक रूप से कमजोर को फायदा
रेलवे नौकरी का पिटारा खालने जा रहा है। इसके तहत सवा दो लाख लोगों को नौकरी दी जाएगी। इसमें दस प्रतिशत आर्थिक रूप से कमजोर लोग शामिल हैं।
पटना, जेएनएन। अगर आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो खबर आपके काम की है। जाब प्राइवेट सेक्टर की नहीं सरकार की है। चुनावी सौगातों में एक और इजाफा करते हुए सरकार ने अगले दो वर्षो के दौरान रेलवे में सवा दो लाख नए लोगों की भर्तियां करने का फैसला किया है। इनमें 10 फीसद नौकरियां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को मिलेंगी।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इसका एलान करते हुए कहा कि यह रेलवे के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा भर्ती अभियान होगा। ये नौकरियां उन डेढ़ लाख नौकरियों के अतिरिक्त होंगी जिन पर फिलहाल भर्ती प्रक्रिया जारी है और जिसके अप्रैल तक पूरा होने की संभावना है।
रिटायर होने वाले कर्मचारियों के स्थान पर होगी भर्ती
गोयल ने कहा कि अभी रेलवे में कुल मिलाकर करीब 12 लाख कर्मचारी हैं। अप्रैल तक नई भर्ती वाले डेढ़ लाख कर्मचारी इसमें जुड़ जाएंगे। जबकि रिटायर होने वाले कर्मचारियों के स्थान पर अगले दो साल में 2.32 लाख कर्मचारियों की और भर्ती होगी।
इस तरह तीन वर्षो में कुल चार लाख नए कर्मचारी रेलवे में शामिल होंगे। इससे रेलवे को युवाओं का नया जोश और हुनर प्राप्त होगा और भारतीय रेल विश्व की सबसे अच्छी रेल बनने के साथ-साथ परिवहन का पसंदीदा साधन बन सकेगी। रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे में होने वाली इन सभी नई भर्तियों में पूर्ववत आरक्षण मिलेगा।