Trending in Bihar : शादी की थीम के साथ तय हो रहा दूल्हे का रॉयल लुक, शेरवानी से साफे तक हर डिटेल पर फोकस
वेडिंग सीजन में दूल्हे अब सिर्फ शेरवानी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रॉयल और स्टाइलिश दिखने के लिए साफा, माला, ब्रोच और जूती तक का चुनाव खास प्लानिंग से कर रहे हैं। दुल्हन के लहंगे और शादी की थीम से मैच करता दूल्हे का लुक तैयार किया जा रहा है, जिसमें वेडिंग स्टाइलिस्ट की मदद भी ली जा रही है।

दूल्हों का फैशन भी खूब चर्चा में
HighLights
दूल्हे अब रॉयल लुक के लिए हर डिटेल पर ध्यान दे रहे।
रेडीमेड साफे की जगह कपड़े से बंधवाने का चलन बढ़ा है।
मोतियों की माला, कुंदन ब्रोच से शाही अंदाज मिल रहा।
जागरण संवाददाता, पटना। वेडिंग सीजन में इस बार दूल्हों का फैशन भी खूब चर्चा में है। शादी के दिन रॉयल और स्टाइलिश दिखने के लिए दूल्हे अब सिर्फ शेरवानी तक सीमित नहीं हैं। साफे का रंग, गले की माला, शेरवानी पर ब्रोच और पैरों में जूती तक का चुनाव खास प्लानिंग के साथ किया जा रहा है।
दुल्हन के लहंगे और शादी की थीम से मैच करता दूल्हे का लुक तैयार कराया जा रहा है। इसके लिए कई दूल्हे मेकअप आर्टिस्ट और वेडिंग स्टाइलिस्ट की मदद भी ले रहे हैं।
रेडीमेड साफे का दौर खत्म, अब कपड़े से बंधवाने का ट्रेंड
दूल्हों की स्टाइलिंग में इस बार साफा खास आकर्षण बना हुआ है। पहले रेडीमेड साफा पहनने का चलन था, लेकिन अब कपड़े से साफा बंधवाने की मांग बढ़ रही है।
इसकी ऊंचाई, बांधने का अंदाज और रंग शेरवानी के अनुसार तय किया जा रहा है। पेस्टल शेरवानी के साथ आइवरी साफा और पारंपरिक परिधान के साथ राजस्थानी साफा पसंद किया जा रहा है। इससे दूल्हे के लुक में अलग पहचान और शाही अंदाज जुड़ रहा है।
मोतियों की माला और कुंदन ब्रोच से मिलेगा रॉयल टच
दूल्हे की एक्सेसरीज में मोतियों की माला, कुंदन और पन्ने के हार की मांग बढ़ रही है। बोरिंग रोड की मेकअप आर्टिस्ट और स्टाइलिस्ट सैचल प्रिया के अनुसार, रॉयल लुक के लिए मोतियों की कई परत वाली माला पसंद की जा रही है।
हल्की कढ़ाई वाली शेरवानी के साथ उभरी हुई माला आकर्षक लगती है, जबकि हैवी वर्क वाली शेरवानी के साथ हल्की एक्सेसरीज बेहतर रहती हैं। पगड़ी पर कलगी और शेरवानी पर ब्रोच दूल्हे को पारंपरिक के साथ शाही लुक देते हैं।
शेरवानी से मैच करेगी जूती, हर डिटेल पर नजर
अब दूल्हे के वेडिंग लुक में जूती भी अहम हिस्सा बन गई है। शेरवानी के रंग और डिजाइन के मुताबिक जरी वर्क वाली जूती, मोजड़ी या लेदर फुटवियर चुने जा रहे हैं।
इंडो-वेस्टर्न लुक के साथ स्टोन वर्क ब्रोच और हल्की माला पसंद की जा रही है। वहीं, पेस्टल थीम में आइवरी साफा और मोती वर्क वाली जूती का कॉम्बिनेशन आकर्षक बन रहा है। स्टाइलिंग में कोशिश रहती है कि हर एक्सेसरी एक-दूसरे के साथ संतुलित दिखे।
रॉयल से मिनिमल तक, दूल्हों के लिए ये हैं छह खास वेडिंग लुक
- रॉयल लुक: लेयर्ड मोती माला, कलगी वाली पगड़ी और कुंदन ब्रोच से शाही अंदाज मिलेगा।
- महाराजा थीम: बनारसी साफा, पन्ने की माला, फेदर कलगी और मोजड़ी खास पहचान बनाएंगे।
- मिनिमल लुक: प्लेन सिल्क पगड़ी, सिंगल लेयर माला और पर्ल ब्रोच से सादगी में स्टाइल दिखेगा।
- इंडो-वेस्टर्न लुक: स्टोन वर्क ब्रोच, हल्की माला और लेदर जूती का कॉम्बिनेशन ट्रेंड में है।
- पेस्टल लुक: आइवरी साफा, पर्ल माला और मोती वर्क वाली जूती से सॉफ्ट और एलिगेंट अंदाज मिलेगा।
- पारंपरिक लुक: राजस्थानी साफा, कुंदन माला और जरी वर्क वाली जूती से क्लासिक वेडिंग लुक पूरा होगा।
शादी की थीम के साथ तय हो रही दूल्हे की स्टाइलिंग
स्टाइलिस्ट सैचल प्रिया के मुताबिक, दूल्हे की स्टाइलिंग की शुरुआत शेरवानी और शादी की थीम से होती है। इसके बाद उसी के अनुरूप साफा, माला, ब्रोच और जूती चुनी जाती है।
कोशिश रहती है कि दूल्हा और दुल्हन का लुक एक-दूसरे के साथ मेल खाए। अब वेडिंग फैशन में दूल्हे की हर छोटी-बड़ी डिटेल पर ध्यान दिया जा रहा है। यही वजह है कि बैंड-बाजा-बारात में दूल्हे भी अपने स्टाइल से खूब सुर्खियां बटोरने को तैयार हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।