पटना एयरपोर्ट से नई फ्लाइट्स भरेंगी उड़ान, कहीं भी आना-जाना होगा अब आसान
पटना एयरपोर्ट से गुरुवार को विभिन्न नगरों के लिए नई उड़ानें शुरु हो रही हैं। कोहरे के कारण रद कर दीं गईं उड़ानें भी फिर से प्रारंभ की जा सकतीं हैं।
पटना [जेएनएन]। पटना एयरपोर्ट से गुरुवार को विभिन्न शहरों के लिए नई उड़ानें शुरू हो जाएंगी। डालते हैं एक नजर यहां से शुरू रही फ्लाइट्स पर।
इंडिगो चेन्नई से वाराणसी होते हुए पटना के लिए नई उड़ान आइजीओ 441 शुरू करेगी। इंडिगो वाराणसी, कोलकाता, लखनऊ व दिल्ली के लिए नई फ्लाइट शुरू कर सकती है।
गो एयर दिल्ली व मुंबई के लिए पहली फरवरी से नई उड़ान जी-8 217 एवं जी-8 135 शुरू करने जा रही है।
जी-8 217 शाम 5.55 बजे दिल्ली से उड़ान भरेगी और 7.35 बजे पटना पहुंचेगी। यहां से जी-8 218 बनकर वापस दिल्ली के लिए रात 8.25 बजे उड़ान भरेगी। जी 8 135 दिल्ली से सुबह 6.10 बजे उड़ान भरेगी और 7.55 बजे सुबह पटना पहुंचेगी। 8.25 बजे वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी और 10.10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। जी 8 583 मुंबई से शाम 4.05 बजे उड़ान भरेगी और 6.25 बजे पटना पहुंचेगी।
स्पाइस जेट भी मुंबई के लिए एसजी 876 नई फ्लाइट 11 फरवरी से शुरू करने जा रही है। एसजी 876 मुंबई से सुबह 5.45 बजे उड़ान भरेगी और 8:00 बजे पटना पहुंचेगी। 8.40 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भरेगी और 9.40 बजे वहां पहुंचेगी। वापसी में यह एसजी 877 बनकर कोलकाता से शाम 5.40 बजे उड़ान भरेगी और 6.40 बजे पटना पहुंचेगी। पटना से 7.30 बजे मुंबई के लिए प्रस्थान करेगी।
पहले जहां विंटर शिड्यूल में कई कंपनियों ने अपनी उड़ानों को कोहरे के कारण रद कर दिया था। वे अब फिर से अपनी उड़ानों को प्रारंभ कर सकते हैं। विंटर शिड्यूल में गो एयर, स्पाइसजेट, इंडिगो, जेट एयरवेज की ओर से भीड़ को देखते हुए नई स्पेशल उड़ानें शुरू करने की घोषणा की गई थी। उनमें से छह उड़ानें 10 फरवरी एवं 10 उड़ानें 15 फरवरी से बंद कर दी जाएंगी। इसके बदले कंपनी की ओर से नई फ्लाइट शुरू करने की घोषणा की जा सकती हैं।