सुधर जाएगी यातायात व्यवस्था, मार्च अंतिम सप्ताह से आरब्लॉक फ्लाईओवर पर दौड़ने लगेंगी गाडिय़ां
जल्द ही राजधानी को जाम से मुक्ति मिल जाएगी। मार्च के अंतिम सप्ताह में आर. ब्लॉक फ्लाईओवर पर वीरचंद पटेल पथ से सप्तमूर्ति के बीच गाडिय़ां दौडऩे लगेंगी।
पटना, जेएनएन। पटना की यात्रा सुगम होने वाली है। जल्द ही राजधानी को जाम से मुक्ति मिल जाएगी। मार्च के अंतिम सप्ताह में आर. ब्लॉक फ्लाईओवर पर वीरचंद पटेल पथ से सप्तमूर्ति के बीच गाडिय़ां दौडऩे लगेंगी। फ्लाईओवर की ढलाई का काम पूरा हो गया है। सभी कार्य आठ मार्च तक पूरे हो जाएंगे। 20 मार्च तक रंग-रोगन से लेकर कालीकरण का कार्य होगा। इस फ्लाईओवर के चालू होने के बाद पटना शहर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार आएगा।
तीन हिस्से में बनेगा फ्लाईओवर
आर. ब्लॉक चौराहे पर चार लेन का रोटरी (गोलंबर) बना है। यहां से तीन हिस्से में फ्लाईओवर गया है। वीरचंद पटेल पथ की तरफ 490 मीटर, सप्तमूर्ति तक 465 मीटर तक गया है। दोनों लेन पर मार्च अंतिम सप्ताह में गाडिय़ां चलने लगेंगी। सप्तमूर्ति की तरफ चार लेन की सड़क कुछ दूर तक जाएगी। इसमें से एक लेन पुराने भिखारी ठाकुर ओवरब्रिज (यारपुर पुल) में मिल जाएगा। इससे सातमूर्ति की तरफ उतर सकते हैं तथा मीठापुर की तरफ भी जा सकते हैं। भिखारी ठाकुर ब्रिज से सटे नये ब्रिज से आर. ब्लॉक की तरफ जा सकते हैं।
वर्ष अंत तक पूरा होगा आर ब्लॉक -जीपीओ गोलंबर का हिस्सा
आर ब्लॉक गोलंबर से जीपीओ गोलंबर के पास यह मीठापुर ब्रिज में मिलेगा। यह चार लेन का 630 मीटर लंबा ब्रिज होगा। यह फ्लाईओवर 2020 के अंत तक पूरा हो पाएगा। मीठापुर से आर. ब्लॉक की तरफ उतरने वाले पुल का लेन टूटेगा तथा ऊपर मिल जाएगा। आर ब्लॉक की तरफ वाहन का परिचालन बंद हो जाएगा। मीठापुर ब्रिज वाया गया लाइन गुमटी से मीठापुर बाजार होते यारपुर पुल में मिलने वाले ब्रिज के चालू होने के बाद ही यह संभव है।
डिजाइन में फंसा है मीठापुर बाजर ब्रिज
एक वर्ष से मीठापुर वाया गया गुमटी मीठापुर बाजार ब्रिज बनकर तैयार है। इरकॉन ने इस ब्रिज का निर्माण किया है। रेलवे को गया लाइन में ब्लॉक देना है। साथ ही रेलवे लाइन के ऊपर बनने वाले ब्रिज के लेआउट को लेकर विवाद फंसा है। अधिकारी बताते हैं कि अब समाधान होने वाला है। पथ निर्माण विभाग ने इरकॉन पर दबाव बनाया है कि वे जल्द से जल्द ब्रिज को चालू करें। इसके चालू नहीं होने से आर. ब्लॉक से जीपीओ गोलंबर के बीच मीठापुर ब्रिज से नहीं जुड़ पाएगा।