पटना में सात स्थानों पर बनेंगे टोल प्लाजा, बाहरी गाड़ियों के प्रवेश पर देना होगा इतना टैक्स Patna News
शहर के बेहतर और सुंदर करने के लिए अब पटना नगर निगम बाहर से आने वाली गाडिय़ों से टोल टैक्स वसूलेगा। इसके लिए स्थानों का चयन कर लिया गया है।
पटना, जेएनएन। पटना नगर निगम बाहर से आने वाली गाडिय़ों से टोल टैक्स वसूलेगा। इसके लिए निगम राजधानी में गांधी सेतु, सिपारा, दीदारगंज चेक पोस्ट, रामाचक बैरिया, खोजा इमली, बेली रोड रूपसपुर नहर और दीघा अल्पना सिनेमा के पास टोल प्लाजा बनाएगा। निगम के अधिकारी स्थल का निरीक्षण भी कर चुके हैं। खर्च का प्राक्कलन भी लगभग तैयार कर लिया गया है।
निगम सूत्रों की मानें तो छोटे वाहनों से 25 से 50 रुपये और बड़ी गाडिय़ों से 100 रुपये तक टोल टैक्स लिया जाएगा। इस आशय का प्रस्ताव पूर्व में ही निगम बोर्ड की बैठक में पास हो चुका है।
सड़कों की हो सकेगी बेहतर सफाई
सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही प्लाजा बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निगम अधिकारियों की मानें तो राजधानी में लगभग रोज दूसरी जगहों से हजारों की संख्या में गाडिय़ां निगम क्षेत्र में आती हैं। इस कारण सड़कें गंदी हो जाती हैं। इनकी साफ-सफाई की जिम्मेदारी निगम की होती है। इस पर काफी खर्च होता है। गौरतलब है कि पटना नगर निगम राजस्व बढ़ाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा है।
- बाहरी गाडिय़ों को प्रवेश पर देना होगा टैक्स
- छोटे वाहनों से 25 से 50 रुपये और बड़ी गाडिय़ों से 100 रुपये तक टोल टैक्स लिया
- राजधानी में लगभग रोज दूसरी जगहों से हजारों की संख्या में गाडिय़ां निगम क्षेत्र में आती हैं
- छोटे वाहनों से 50 रुपये और बड़ी गाडिय़ों से 100 रुपये तक टोल टैक्स लिया जाएगा
- सड़कें गंदी होने और सफाई को लेकर बताया जरूरी