राज्य में आज भी होगी जमकर बारिश, कल से राहत की उम्मीद
अरब सागर में उठे तूफान निसर्ग के कारण राज्य में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते राज्य में बारिश हो रही है।
पटना। अरब सागर में उठे तूफान निसर्ग के कारण राज्य में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते राज्य में गुरुवार को जमकर बारिश हुई। चौबीस घंटे के अंदर पटना में राज्य में सबसे अधिक 62.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक संजय कुमार के अनुसार अरब सागर में उठा तूफान समाप्त हो गया है। लेकिन, उससे बने कम दबाव के कारण बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश हो रही है। रविवार से मौसम में सुधार की उम्मीद है। शुक्रवार को पटना के अलावा भागलपुर एवं पूर्णिया में भी अच्छी बारिश हुई। शनिवार को पटना के अलावा गया, भागलपुर एवं पूर्णिया में आंधी चलने के साथ बिजली कड़क सकती है। इसके अलावा प्रदेशभर में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
राजधानी में शुक्रवार की सुबह चार बजे से ही बिजली चमकने के साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई। रुक-रुक कर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश होती रही। सबसे ज्यादा वर्षा पटना में दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों ने इसे प्री मानसून की बारिश बताया है। बारिश से शहर में अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। राजधानी में अधिकतम तापमान 28.4 एवं न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी की हवा में 95 फीसद आर्द्रता रिकॉर्ड की गई।
: निसर्ग का साइड इफेक्ट :
- राज्य में सर्वाधिक 62.5 मिलीमीटर बारिश राजधानी में रिकॉर्ड की गई
- 28.4 डिग्री राजधानी का अधिकतम एवं 23.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया
- 95 फीसद आर्द्रता रिकॉर्ड की गई राजधानी की हवा में