विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग केस का बिहार कनेक्शन, पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से बेगूसराय का शूटर अरेस्ट

Published: Mon, 19 Oct 2026 12:17 PM (IST)Updated: Mon, 19 Oct 2026 01:10 PM (IST)

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस और राजस्थान एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने तीन संदिग्धों को कोटा रेलवे स्टेशन ...और पढ़ें

अभिनेता टाइगर श्रॉफ

अभिनेता टाइगर श्रॉफ

HighLights

  1. टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में तीन संदिग्ध कोटा से गिरफ्तार।

  2. गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के बेगूसराय का युवक शामिल।

  3. घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा भी बढ़ाई गई।

डिजिटल डेस्क, पटना/मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस और राजस्थान एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के बेगूसराय जिले का रहने वाला 22 वर्षीय ऋतिक कुमार उर्फ रोशन भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, मामले में एक नाबालिग और हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान को भी पकड़ा गया है।

बेगूसराय के युवक का नाम आया सामने

मुंबई पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में ऋतिक कुमार उर्फ रोशन, पिता रामू महतो, उम्र 22 वर्ष शामिल है।

वह बिहार के बेगूसराय जिले के पिपराई का निवासी बताया गया है। फिलहाल वह मुंबई के अंधेरी वेस्ट में उर्दू स्कूल के पास गिल बारली इलाके में रह रहा था और रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता था।

इस मामले में बिहार का नाम सामने आने के बाद जांच में आरोपी के स्थानीय संपर्कों और उसकी गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल अहम हो सकती है। हालांकि, उसकी कथित भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हरियाणा का रेहान और एक नाबालिग भी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, दूसरे आरोपी की पहचान रेहान, पिता रिशुद्दीन अंसारी, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है। वह हरियाणा के सोनीपत जिले के सदर थाना क्षेत्र की ईदगाह कॉलोनी का निवासी बताया गया है। तीसरा आरोपी नाबालिग है।

मुंबई पुलिस और राजस्थान की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने संयुक्त अभियान के दौरान तीनों को कोटा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से पकड़ा। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले में उनकी कथित भूमिका और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है।

रेकी के बाद फायरिंग की आशंका

जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि हमलावरों ने कथित तौर पर टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी थी। बताया जा रहा है कि उन्हें अभिनेता के रविवार को जुहू फुटबॉल ग्राउंड जाने की जानकारी थी। इसी आधार पर हमले का समय चुने जाने की आशंका जताई गई है।

फायरिंग के बाद संदिग्धों के विले पार्ले और अंधेरी होते हुए भागने की बात सामने आई है। बताया गया है कि उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास बाइक छोड़ी और ट्रेन से आगे निकलने की कोशिश की। हालांकि, घटना के पूरे क्रम और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से पकड़े गए संदिग्ध

रिपोर्ट के अनुसार, तीनों संदिग्धों को पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12939) से कोटा रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया। ट्रेन पुणे से जयपुर के बीच चलती है और कोटा में भी रुकती है। संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है।

फायरिंग के बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ाई गई

टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले के बाद अभिनेता सलमान खान की सुरक्षा भी बढ़ाए जाने की खबर है। मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

यह भी पढ़ें- 'किसी को बख्शा नहीं जाएगा', टाइगर श्रॉफ पर हमले की कोशिश के बाद एक्शन में CM फडणवीस