पटना में 3 नए नगर निकायों का होगा गठन, 4 नगर परिषदों का क्षेत्र विस्तार
पटना में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में तीन नए नगर निकायों के गठन और चार नगर परिषदों के क्षेत्र विस्तार पर चर्चा हुई।

विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक।
HighLights
पटना में जिला कार्यक्रम समिति ने नए नगर निकायों पर चर्चा की।
चार नगर परिषदों के क्षेत्र विस्तार का प्रस्ताव बैठक में रहा।
उप मुख्यमंत्री ने जन समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया।
जागरण संवाददाता, पटना। उप मुख्यमंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में जिले के नगर निकायों का मामला छाया रहा। इसमें तीन नए नगर निकायों के गठन व चार नगर परिषदों के क्षेत्र विस्तार के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई।
नगर परिषद कुरथौल, नगर परिषद उलार और नगर पंचायत दनियावां के गठन और बाढ़, मसौढ़ी, फतुहा और बख्तियारपुर नगर परिषदों के क्षेत्र विस्तार का प्रस्ताव प्रमुख एजेंडा रहा।
बैठक के प्रस्तावों पर जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव दिए। प्रभारी मंत्री ने डीएम कुंदन कुमार और उप विकास आयुक्त को प्राप्त सुझावों की नियमानुसार समीक्षा कर आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अगली बैठक तक लंबित नहीं रखें जन समस्याएं
बैठक में नगर निकायों के गठन व क्षेत्र विस्तार पर चर्चा में इतना समय लग गया कि जन समस्याओं के मामलों पर चर्चा नहीं हो सकी। जनप्रतिनिधियों ने सड़क मरम्मत समेत स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े कई मामले उठाए।
प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी मामले में कार्रवाई करने या कार्रवाई रिपोर्ट देने के लिए अगली बैठक का इंतजार नहीं किया जाए। कार्य पूरा होते ही संबंधित जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना और कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। अंत में पिछली बैठक के एजेंडे पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, सांसद मीसा भारती, राज्यसभा सदस्य भीम सिंह, विधायक डॉ. रामानंद यादव, संजीव चौरसिया, श्याम रजक, संदीप सौरव, रत्नेश कुमार, अरुण मांझी, सियाराम सिंह, संजय कुमार, विधान परिषद सदस्य कार्तिक कुमार, शशि यादव, डॉ. संजीव कुमार, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, जिला परिषद अध्यक्ष कुमारी स्तुति समेत समिति के सदस्य, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।