पटना के फतुहा रेलवे यार्ड में सोने जा रहे तीन मजदूरों को ट्रक ने रौंदा, दो की मौत
पटना के फतुहा रेलवे यार्ड में बुधवार की देर रात तीन मजदूरों को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पटना, जेएनएन। राजधानी में बुधवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बिहार के सबसे बड़े यार्ड में शुमार 65 एकड़ में बने फतुहा रेलवे यार्ड में एक अनियंत्रित छह चक्का ट्रक ने तीन मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में दो की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक को गंभीर अवस्था में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत चिंता जनक बताई जा रही है।
इधर, हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। फतुहा स्टेशन के बगल में यार्ड होने के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों की भीड़ एकत्रित हो गई। मजदूर के नाराज परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया है। मुआवजे की मांग को लेकर परिजन शव घटना स्थल से उठने नहीं दे रहे हैं। फतुहा थाने की पुलिस और RPF घटना स्थल पर कैंप कर रही है।
मृतक मजदूरों की पहचान फतुहा डुमरी गांव निवासी नवलेश कुमार (35) और बक्सर जिले के रघुनाथपुर थाना के काठ ब्रह्मपुर का हिरामन मिश्रा के रूप में हुई है। तीसरा घायल मजदूर कारू सिंह फतुहा डुमरी का ही निवासी है। तीनों रेलवे यार्ड में रात करीब 12 बजे खाना खाकर सोने जा रहे थे। जैसे ही वे यार्ड के अंदर लेटे कि पूरब दिशा की ओर से आए छह चक्का ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। कुचलने के बाद ट्रक चालक पश्चिम की ओर से यार्ड के बाहर निकल गया। इसके पहले परिजन और अन्य लोग कुछ समझ पाते दो मजदूरों की सांसे थम चुकी थीं। वहीं गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप