पति की हत्या की प्राथमिकी कराने वाली बेगूसराय की महिला ने उठाया यह कदम, हैरान हैं घर के लोग
पति की संदिग्ध स्थितियों में हुई मौत के मामले में महिला ने ससुरालवालों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना से आहत महिला ने शुक्रवार की सुबह ऐसा कदम उठा लिया जिससे परिवार के लोग सन्न रह गए।
By Vyas ChandraEdited By: Published: Fri, 06 Aug 2021 02:05 PM (IST)Updated: Fri, 06 Aug 2021 02:05 PM (IST)
गढ़पुरा (बेगूसराय), संवाद सूत्र। दो दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में हुई पति की मौत से आहत महिला ने शुक्रवार की सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। घटना गढपुरा थाना क्षेत्र के कोरैय गांव की है। यहां के वार्ड संख्या 10 में सुबह साढ़े छह बजे हरेराम सिंह की 30 वर्षीय पुत्री सौम्या कुमारी का शव फंदे से लटकता मिला। घटना को लेकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया। दो दिन पूर्व सौम्या के पति सुमंत कुमार (32) की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई थी।
ससुराल के लोगों पर कराई थी प्राथमिकी
बताया गया कि पति की मौत को लेकर सौम्या ने ससुरालवालों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के समय वह मायके में थी। इसी क्रम में उसे पता चला कि पति की हत्या कर दी गई है। आनन-फानन में शव को भी जला दिया गया। इसके बाद उसने प्राथमिकी दर्ज कराई। मायके के लोगों के अनुसार गुरुवार की रात सौम्या अपनी दो बेटियों तथा डेढ़ वर्ष के एक बेटे के साथ एस्बेस्टस वाले एक कमरे में सो गई थी। शुक्रवार की अल सुबह सौम्या अपने बच्चे के नजदीक से उठी और दूसरे कमरे में जाकर एस्बेस्टस की छत में लगी लकड़ी की बल्ली में चुनरी बांध कर आत्महत्या कर ली।
बच्चे खोजने लगे मां को तब चला पता
सुबह में बच्चे मां को खोजने लगे, तब बच्चे की नानी मंजू देवी को अजीब लगा। वे गईं तो देखा कि दूसरा कमरा अंदर से बंद है। किसी तरह से उसे खोला तो सौम्या फंदे से लटकी दिखी। इसके बाद वे विलाप करने लगी। आस पड़ोस के लोग भी दौड़कर पहुंचे। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर माता और पिता दोनों के गुजर जाने के बाद 10 वर्ष की अंजलि तथा छह वर्ष की पुत्री आकृति और डेढ़ वर्ष के पुत्र जिव्यांश का जीवन बसर कैसे हो होगा, ग्रामीणों में यह चर्चा का विषय था। मृतका केे पिता हरेराम सिंह द्वारा आवेदन दिया गया है, जिसमें आत्महत्या की की बात बताई गई है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें