मसौढ़ी में गिरी जर्जर घर की दीवार, चार बच्चे घायल, दो की हालत गंभीर
पटना के मसौढ़ी में बुधवार को एक मकान की दीवार गिरने से चार बच्चे घायल हो गए हैं। सभी को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
पटना, जेएनएन। मसौढ़ी में मंगलवार को जर्जर दीवार गिरने से चार बच्चे घायल हो गए। इसमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मसौढ़ी के गंगाचक मलकाना मोहल्ले में शिवलाल चौधरी का खंडहर नुमा बिना छत का एक मकान है। रोज की भांति मुहल्ले के सिद्दनाथ यादव का 12 वर्षीय पुत्र पप्पू कुमार, बीजिंद्र प्रसाद का 11 वर्षीय पुत्र प्रभात कुमार, रिपु गोस्वामी का 10 वर्षीय पुत्र साहिल कुमार और संजय केशरी का 12 वर्षीय पुत्र सोमनाथ कुमार बुधवार को पूर्वाहन करीब 10 बजे खंडहर नुमा मकान में खेल रहे थे। इसी बीच मकान की एक तरफ़ की दीवार उनपर गिर पड़ी। जिससे बच्चे दीवार के नीचे दब गए। इसमें चारो बच्चे घायल हो गए। यह देख मौके पर आसपास के जुटे लोगों ने दीवार की ईंट और मिट्टी हटाकर उन्हें बाहर निकाला। इससे घायल बच्चों के घरों में कोहराम मच गया। बाद में उन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। घायल बच्चों में पप्पू और साहिल की स्थिति गंभीर बताई जाती है।