पिता-बेटी की दर्दनाक मौत का कारण बना जहरीला कंबल, जानिए
सो रही बेटी को रात में ठंड लगी तो पिता कंबल लेकर आया और बेटी को ढंक दिया। उसके बाद खुद को भी जैसे ही कंबल से ढंका कि कंबल में लिपटे जहरीले सांप ने दोनों को डंस लिया।
पटना, जेएनएन। रात में पास में सो रही बेटी को ठंड लगी तो पिता ने कंबल लाकर बेटी को ढंक दिया, फिर खुद को भी उसी कंबल से ढंक लिया। कंबल में एक जहरीला सांप लिपटा था जिसे पिता ने देखा नहीं था। सांप ने बाप-बेटी को डंस लिया और दोनों की मौत हो गई। घटना पूर्णिया के ओपी थाना क्षेत्र के गोठ गांव में सोमवार देर रात घटी। दोनों की मौत के बाद घर में कोहराम मचा गया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक 32 साल के विवेकानंद साह और उनकी तीन साल की बेटी लक्ष्मी कुमारी रात में सो रहे थे। रात में बेटी को ठंड लगी तो विवेकानंद कंबल निकाल कर जैसे ही ओढ़ने लगे तभी दोनों को जहरीले सांप ने डस लिया। हल्ला सुनने के बाद परिजन और आसपास के लोग दौड़ कर आए लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सांप के काटने से लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई और सांप का जहर विवेकानंद साह के पूरे शरीर में भी फैल चुका था और अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि विवेकानंद साह को पहले रूपौली के रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन वहां के डॉक्टरों ने नाजुक हालत देख कर उन्हें बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया था। परिजनों के मुताबिक, साह को रूपौली से भवानीपुर ले जाने के क्रम में ही मौत हो गई।
मृतक विवेकानंद साह की पत्नी राधा देवी ने कहा कि हल्ला सुनकर जब वह पति के कमरे में गई तो वहां उसने देखा जमीन पर सांप और कंबल दोनों पड़े हैं। सांप बिल्कुल छोटा और पता था लेकिन जहरीला था। उसने बताया कि दोनों पीड़ितों को पहले मंदिर ले जाया गया उसके बाद अस्पताल जाने की तैयारी थी।
इसी बीच जहर शरीर में फैल जाने से लक्ष्मी की मौत हो गई। जबकि साह की मौत अस्पताल ले जाते वक्त हो गई।