Begusarai : प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, घर की छत पर सोया था तभी अपराधियों ने मार दी गोली
बेगूसराय के नावकोठी में बुधवार की देर रात घर की छत पर सोए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्वजनों ने बताया कि प्रेम प्रसंग में उसकी हत्या की गई है। गांव के ही लोगों पर आरोप लगाया गया है।
नावकोठी (बेगूसराय), संवाद सूत्र। बेगूसराय जिले में बुधवार रात दो जगहों पर गोली मार कर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। एक जगह दोस्तों ने जान ली तो दूसरी जगह प्रेम प्रसंग में युवक को मार डाला। दोनों घटनाएं घर में ही हुई। नावकोठी के वार्ड नंबर 11 में युवक को गोली मार दी गई। वह घर की छत पर सोया था। इसी दौरान उसकी जान ले ली गई। मृतक महेश सहनी का 28 वर्षीय पुत्र शिवनंदन सहनी था। घटना का कारण प्रेम प्रसंग बताया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
अलसुबह तीन बजे घटना को दिया अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवनंदन रात में खाना खाकर अपने घर की छत पर सोने चला गया। अलसुबह करीब तीन बजे स्वजनों ने गोली चलने की आवाज सुनी। गोली की आवाज काफी नजदीक से आई थी। घर के लोग जबतक कुछ समझते उन्हें किसी के कराहने की भी आवाज सुनाई दी। कराहने की आवाज सुनकर स्वजन दौड़े-भागे घर की छत पर पहुंचे तो वहां शिवनंदन को खून से लथपथ देखा। यह देखकर स्वजन सन्न रह गए। आनन-फानन में छत से उसे उतारा गया तब तक उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गांव के ही तीन लोगों पर आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि घटना का कारण प्रेम प्रसंग है। स्वजनों का कहना है कि गांव के ही एक व्यक्ति एवं उसके तीन अन्य सहयोगियों ने मिलकर उसे गोली मारी है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश रंजन कुमार, एसआई जुल्फिकार अली, सुजीत कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। शिवनंदन की शादी नहीं हुई थी। स्वजनों की चित्कार से माहौल गमगीन हो गया है। इधर पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।